ओवरब्रिज से उतरते ही बाइक भिड़ीं, दंपती घायल, घायल पति को किया हायर सेंटर रेफर

घायल हालत नाजुक होने पर हनुमानगढ़ टाउन रेफर

Published On

Road Accident: हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ फोरलेन पर स्थित अमरपुरा राठान गांव के पास बने ओवरब्रिज से उतरने के बाद अमरपुरा लिंक रोड के पास तेज रफ्तार एवं लापरवाही से बाइक चलाते हुए मुख्य सड़क पर चढ़े चालक ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पति की हालत नाजुक होने पर उसे हनुमानगढ़ टाउन के लिए रेफर किया गया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में इकबाल सिंह (48) पुत्र बलविन्द्र सिंह रामदासिया निवासी वार्ड नंबर 1, मंडी पीलीबंगा ने बताया कि 14 सितंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे उसका छोटा भाई हरपाल सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह अपनी पत्नी रमनदीप कौर के साथ मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसएन 6578 पर पीलीबंगा से सूरतगढ़ की ओर जा रहा था।

रिपोर्ट के अनुसार गांव अमरपुरा राठान में ओवरब्रिज से उतरते ही अमरपुरा की ओर जाने वाली लिंक रोड से मोटर साइकिल नंबर आरजे 31 एसएस 2201 का चालक बिना सड़क पर आगे-पीछे देखे तेज गति एवं लापरवाही से मुख्य सड़क पर चढ़ गया। उस समय हरपाल सिंह अपनी मोटर साइकिल से मुख्य मार्ग पर जा रहा था और उसने टक्कर से बचने के लिए बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति से आ रहे बाइक चालक ने उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद हरपाल सिंह एवं उसकी पत्नी रमनदीप कौर सड़क पर गिर गए और दोनों को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए पीलीबंगा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हरपाल सिंह की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे हनुमानगढ़ टाउन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बाइक नंबर आरजे 31 एसएस 2201 के चालक के खिलाफ तहत मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts