शहीद चौक के पुनः स्थापित कराए जाने की मांग, एसडीएम को दिया ज्ञापन

शहीद चौक के पुनः स्थापित कराए जाने की मांग, एसडीएम को दिया ज्ञापन

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सोमवार को कस्बे के निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन(रजि.) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम कैराना शिवाजी यादव को एक ज्ञापन पत्र दिया। बताया कि करीब दो दशक पूर्व नगर पालिका परिषद कैराना के द्वारा कस्बे के कांधला तिराहे पर आपातकाल के दौरान तेज हुए नसबंदी अभियान के विरोध में अपने प्राणों की कुर्बानी देने वालों के सम्मान में शहीद चौक स्थापित कराया था।आपातकाल के दौरान नसबंदी अभियान का विरोध करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के नाम बाकायदा शिलापट पर अंकित कराए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कस्बे के मोहल्ला छड़ियान, दरबार खुर्द, पीरजादगान एवं आसपास के क्षेत्र में अनेक लोगों ने अपनी जान दी थी और अनेक लोग गिरफ्तार भी हुए थे।

शहीदों की याद में बना स्मृति चिन्ह न केवल लोकतांत्रिक मूल्य को जीवित करने का प्रमाण था, बल्कि शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ-साथ कांधला तिराहे की यातायात व्यवस्था में भी सहायक था। स्मृति चिन्ह के रहते सड़क से गुज़रते हुए वाहन चालक भी यातायात नियमों का पालन करते थे। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बहुत कम थी। कैराना शहर में डिवाइडर निर्माण और सड़क के चौड़ीकरण के दौरान स्मृति चिन्ह को हटा दिया गया था। लगभग एक दशक पूर्व उक्त स्थान पर डिवाइडर निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, परंतु नगर पालिका की ओर से अभी तक स्मृति चिन्ह को पुनः स्थापित नहीं किया गया है। ऐसा करना न सिर्फ शहीदों का अपमान है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान के विरुद्ध भी है।

यह कहीं न कहीं स्थानीय निकाय, अधिकारीगण व जनप्रतिनिधियों की अभिज्ञता को भी दर्शाता है। पत्र में आगे बताया कि कांधला तिराहे पर शहीद चौक स्मृति चिन्ह को पुनः स्थापित करने के लिए पर्याप्त जगह मौजूद है। इससे किसी भी बस, ट्रक अथवा कार के संचालन में कोई अवरोध उत्पन्न नहीं होगा। पत्र में अतिशीघ्र शहीद चौक स्मृति चिन्ह को पुनः स्थापित कराने की मांग की गई है। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष शमून उस्मानी तथा फरमान सिद्दीकी, कुर्रत मेहदी, शुऐब अंसारी, उमैर खान आदि मौजूद रहे।

 

About The Author

Related Posts