Yamuna Expressway Bus Fire: तेज रफ़्तार डबल डेकर बस चढ़ी भीषण आग की भेंट, 9 यात्री जिन्दा जले

यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास हुआ भीषण हादसा

Published On

Yamuna Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ/एजेंसी)। ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक डबल डेकर टूरिस्ट बस आग की चपेट में आ गई। हादसा जेवर एयरपोर्ट के नजदीक हुआ, जहां नोएडा से महोबा जा रही बस में अचानक आग भड़क उठी। हादसे में 9 यात्रियों की मौत की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। शुरुआती प्रत्यक्षदर्शी जानकारी के अनुसार, कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि ऊपरी डेक पर मौजूद कई लोग आग की चपेट में आ गए।

हादसे की सूचना मिलने के बाद जेवर पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जल गई। फायर ब्रिगेड ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया। घटना के बाद शुरुआती पुलिस जानकारी में किसी जनहानि की पुष्टि नहीं की गई थी। हालांकि, बाद में मौके से सामने आई जानकारी में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाने का काम जारी है।

बस में बड़ी मात्रा में सामान और लगेज ऊपर रखे होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आग आखिर किस वजह से लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। जली हुई बस को हटाने और सड़क को सामान्य करने की कार्रवाई की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

About The Author

Related Posts