Abohar Crime News: अबोहर में बाइक सवार लुटेरे ने व्यक्ति से छीने करीब ढाई लाख रुपये

अबोहर में बाइक सवार लुटेरे ने व्यक्ति से छीने करीब ढाई लाख रुपये

Published On

अबोहर, सच कहूूँ/मेवा सिंह। Abohar News: अबोहर शहर में चोरों और लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचकिचाते। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ रोड पर बजाज एजेंसी के सामने बाइक सवार एक लुटेरा स्कूटर सवार व्यक्ति की जेब से करीब ढाई लाख रुपये से भरा लिफाफा छीनकर फरार हो गया। आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली प्लेटिना बाइक चला रहा था। पीड़ित ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन आरोपी कुछ ही देर में गायब हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मॉडल टाउन निवासी और बाग के ठेकेदार विनोद नारंग ने बताया कि बुधवार को उन्होंने आर्य नगरी में अपना मकान किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड करवाया था।

सौदे के तहत खरीदार ने उन्हें 3 लाख 10 हजार रुपये का चेक और 2 लाख 60 हजार रुपये नकद दिए थे। उन्होंने नकदी एक लाल लिफाफे में रखकर अपनी साइड वाली जेब में डाल ली थी। नारंग के अनुसार, वह तहसील से अपने स्कूटर पर घर लौट रहे थे। जब वह बजाज एजेंसी के पास पहुंचे तो बिना नंबर प्लेट वाली प्लेटिना बाइक पर सवार एक युवक उनके पास आया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बाइक सवार ने उनकी जेब में हाथ डालकर नकदी वाला लिफाफा निकाल लिया। आरोपी ने लिफाफा अपने मुंह में दबाया और दोनों हाथों से बाइक चलाते हुए तेज रफ्तार से फरार हो गया। इस अचानक हुई घटना के बाद विनोद नारंग ने शोर मचाया। लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की।

उसे सेठी रीजेंसी होटल से आगे डॉ. नवीन सेठी के अस्पताल की ओर जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना थाना नंबर-1 की पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के फरार होने के संभावित रास्तों की जांच की। फुटेज में आरोपी को साहित्य सदन रोड, मेजर सुरेंद्र चौक, गौशाला रोड, क्लॉक टावर के सामने और सेठी पैलेस के सामने से गुजरते हुए देखा गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts