शिक्षा और रोजगार
Jamshedpur Road Accident: खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, मंत्री की बेटी सहित चार की मौत
जमशेदपुर में मरीन ड्राइव पर हुआ तड़के बड़ा हादसा
Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर (सच कहूँ/एजेंसी)। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की जान चली गई। हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की भी मौत हुई है। मृतकों में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हादसा करीब सुबह 3 बजे हुआ। कार पश्चिम बंगाल की दिशा से जमशेदपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रेलर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की सहायता से वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
डीएसपी सीसीआर के मुताबिक, ट्रेलर बुधवार रात लगभग 10 बजे से ही खराब होने के कारण मरीन ड्राइव पर खड़ा था। तड़के तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए इस घटना को बेहद दुखद बताया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत अन्य नेताओं ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।