पुलिस मुठभेड़ में मोबाइल स्नैचर घायल, साथी फरार

इंदिरापुरम में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस की दो मोबाइल स्नैचरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों ने पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने मीडिया को बताया कि  कनावनी पुस्ता रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक तेज कर दी। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में सोहेल निवासी दिल्ली घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

एसीपी के  अनुसार, पुलिस पूछताछ में सोहेल ने करीब 15 दिन पहले वसुंधरा चौकी क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की घटना में शामिल होने की बात बताई है। उसका साथी आमिर फरार हो गया। पुलिस टीम ने सोहेल के कब्जे से तमंचा, कारतूस, खोखे और दिल्ली से चोरी बताई जा रही काले रंग की ड्यूक बाइक बरामद की है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी अजय चौधरी के  मुताबिक आरोपी के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author

Related Posts