1013 लेक्चररों की भर्ती में एससी कोटे पर सरकार का भरोसा, शिक्षक यूनियनों ने उठाए सवाल

1013 लेक्चररों की भर्ती में एससी कोटे पर सरकार का भरोसा, शिक्षक यूनियनों ने उठाए सवाल

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब में 1013 लेक्चररों की भर्ती को लेकर एससी/बीसी शिक्षक यूनियनों द्वारा जताई गई चिंता के बाद अब पंजाब सरकार ने भरोसा दिया है कि इस मामले में किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होगा और जहाँ भी अधिकारियों से गलती हुई है, उसमें सुधार करते हुए एससी/बीसी वर्ग को पूरा कोटा दिया जाएगा। इस भर्ती में आरक्षित हिस्से को लेकर चल रही चर्चा के बीच सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बैठक करते हुए स्पष्ट किया कि अनुसूचित जातियों के लिए बनता आरक्षित हिस्सा हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

पंजाब भवन में शिक्षक यूनियनों के साथ बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में संवैधानिक प्रावधानों का पालन किया जाएगा और हकदार वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। यूनियन प्रतिनिधियों ने लेक्चरर भर्ती में आरक्षित हिस्से सहित अपनी अन्य मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। डॉ. कौर ने कहा कि हर जायज माँग पर कानून और सरकारी नीति के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, बैठक के बाद जारी जानकारी में भर्ती के आरक्षित हिस्से को लेकर कोई विस्तृत नया आदेश या इसे लागू करने की तारीख नहीं बताई गई। 

कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब में 1013 लेक्चररों की भर्ती की जा रही है। इसमें एससी/बीसी जाति से संबंधित उम्मीदवारों के कोटे को लेकर पिछले दिनों सवाल उठे थे। इन सवालों के जवाब शिक्षा विभाग द्वारा देने का प्रयास किया गया था, लेकिन शिक्षक यूनियनों और भर्ती से संबंधित उम्मीदवारों ने शिक्षा विभाग के तर्कों को स्वीकार नहीं किया था। इसके बाद यह भर्ती विवादों में घिरती नजर आ रही थी, लेकिन अब डॉ. बलजीत कौर के हस्तक्षेप के बाद यह मामला समाप्त होता नजर आ रहा है।

About The Author

Related Posts