त्योहारों से पहले पंजाब सरकार सख्त, राज्य में खाद्य पदार्थों की जाँच तेज

पनीर, खोया, मिठाइयों और बेकरी इकाइयों की जांच के लिए प्रदेश भर में विशेष अभियान

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: त्योहारों के सीजन से पहले पंजाब सरकार ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा प्रदेश भर में पनीर, खोया, मिठाइयां और बेकरी उत्पाद बनाने वाली इकाइयों की जाँच की जा रही है। इस अभियान के तहत 216 नमूने लेकर जाँच के लिए भेजे गए हैं, जबकि नियमों का पालन नहीं करने वालों को 101 सुधार नोटिस और 20 चालान जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों और बेकरी वस्तुओं की माँग बढ़ जाती है, इसलिए लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कारोबारियों को कच्चे माल की सही खरीद, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए कहा। मंत्री ने चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन पंजाब की कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने बताया कि 12 और 13 सितंबर को पनीर और खोये की गुणवत्ता की जाँच के लिए प्रदेश स्तरीय अभियान चलाया गया था। इस दौरान 216 नमूने लिए गए, जिन्हें विस्तृत जाँच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

जाँच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून और नियमों के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह 19 और 20 सितंबर को मिठाई और बेकरी उत्पादन इकाइयों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की जाँच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पंजाब भर में की गई 250 जाँचों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को 101 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 20 मामलों में मौके पर चालान काटे गए।

प्रदेश भर में 216 नमूने लिए, 101 सुधार नोटिस और 20 चालान

कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि त्योहारों के सीजन के दौरान जाँच और निगरानी का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे मिठाईयाँ, डेयरी और बेकरी उत्पाद विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान दें।

 

About The Author

Related Posts