Samana Theft News; समाना में एक ही रात चार दुकानों पर चोरों ने किया हाथ साफ, दुकानदारों में रोष

पीसीआर गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद होने का दुकानदारों ने लगाया आरोप, पुलिस ने जांच का दिया भरोसा

Published On

समाना (सच कहूँ/सुनील चावला)। Samana News: समाना शहर में चोरी की घटनाओं को लेकर दुकानदारों में चिंता और रोष का माहौल बना हुआ है। बीती रात चोरों ने एक साथ चार दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना का पता दुकानदारों को सुबह दुकानें खोलने के समय चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इस संबंध में दुकानदार कमल कुमार निवासी तेज कॉलोनी, रतन सिंगला निवासी प्रीत नगर और राजेन्द्र कुमार वड़ैचां रोड ने बताया कि चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि चोरों में पुलिस का किसी तरह का डर दिखाई नहीं दे रहा।

उनके अनुसार, चोर बेखौफ होकर दुकानों को निशाना बना रहे हैं और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी उन्हें रोकने में कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि इलाके में पीसीआर की नियमित रात्रि गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शहर में रात के समय गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर एएसआई सिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना के बाद मौका देखने के लिए पुलिस पहुंची है। उन्होंने भरोसा दिया कि मामले की जांच की जा रही है और चोरों को जल्द काबू कर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts