Pension News: सरकारी रिकॉर्ड में जिंदा बुजुर्ग को मृत बताया, पेंशन बंद

80 वर्षीय सुरजन सिंह तीन महीने से दफ्तरों के चक्कर काट रहे, बोले- साहब... अब तो जिंदा मान लो

Published On

Pension News: फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। 80 वर्षीय सुरजन सिंह पिछले करीब तीन महीने से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। वजह ऐसी है, जिसने उन्हें हैरान और परेशान कर दिया है। सरकारी पेंशन रिकॉर्ड में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वह अपनी पत्नी के साथ घर में रह रहे हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक उनकी मौत 26 मार्च 2025 को हो चुकी है। इसी आधार पर उनकी वृद्धावस्था पेंशन बंद कर दी गई। अब बुजुर्ग अधिकारियों से एक ही गुहार लगा रहे हैं- साहब... अब तो जिंदा मान लो।

एनआईटी-5 निवासी सुरजन सिंह के बैंक खाते में करीब 50 हजार रुपये जमा थे और इसी खाते में हर महीने 3 हजार रुपये की वृद्धावस्था पेंशन आती थी। करीब तीन महीने पहले खाते में जमा रकम खत्म होने पर वह स्टेट बैंक आॅफ इंडिया पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि उनके खाते में करीब डेढ़ साल से पेंशन नहीं आई है। इसके बाद सुरजन सिंह सेक्टर-15 स्थित पेंशन कार्यालय पहुंचे। वहां कर्मचारियों ने रिकॉर्ड की जांच की तो उन्हें बताया गया कि पेंशन रिकॉर्ड में उनकी मृत्यु 26 मार्च 2025 को दर्ज है। इसी वजह से पेंशन रोक दी गई है। हालांकि, बुजुर्ग का कहना है कि उन्हें यह नहीं बताया गया कि सरकारी रिकॉर्ड में उनकी मृत्यु किस दस्तावेज के आधार पर दर्ज की गई।

फाइल चंडीगढ़ भेजी, जल्द समाधान की उम्मीद: एसडीएम

एसडीएम डॉ. हन्नी बंसल के मुताबिक सुरजन सिंह की शिकायत संबंधित विभाग को भेज दी गई है। विभाग की ओर से बताया गया है कि मामला चंडीगढ़ भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बुजुर्ग की समस्या का समाधान हो जाएगा। वहीं, मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता शर्मा का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव  नहीं किया।

तीसरी बार जिंदा होने का सबूत दे रहा हूं

सुरजन सिंह का कहना है कि पेंशन बहाल कराने के लिए वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। उनका कहना है कि यह तीसरी बार है जब उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में अपने जिंदा होने का सबूत देना पड़ रहा है। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें चलने-फिरने में भी सहारे की जरूरत पड़ती है। ऐसे में बार-बार सरकारी कार्यालयों में जाना उनके लिए बेहद परेशानी भरा हो गया है। 

शिविर में भी नहीं हुआ समाधान

पेंशन विभाग के कर्मचारियों ने सुरजन सिंह को 17 सितंबर को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में शिकायत देने के लिए भेजा। उन्होंने शिविर में पेंशन रिकॉर्ड ठीक कराने की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। सुरजन सिंह के मुताबिक शिकायत तो दर्ज कर ली गई, लेकिन मौके पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्हें आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। 

About The Author

Related Posts