Cleanliness Campaign: सीएम भजनलाल शर्मा व नितिन नवीन ने लिया अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता अभियान में हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान दिया स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश
Cleanliness Campaign: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नितिन नवीन ने स्वच्छता मित्रों से मुलाकात की। दोनों ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ उनके कार्य और अनुभवों के बारे में बातचीत भी की।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद ने पौधारोपण भी किया। इस मौके पर पर्यावरण को सुरक्षित रखने और शहरों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इसके अलावा राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा और डॉ. अलका गुर्जर सहित विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा और बालमुकुंदाचार्य ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान स्वच्छता कर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हुए स्वच्छ और बेहतर शहर के लिए नागरिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
