DAP Shortage: डीएपी के लिए किसानों की सुबह 6 बजे से लंबी कतार, टोकन न मिलने से किसानों में आक्रोश

11 बजे तक टोकन नहीं मिले तो जाम लगाने की दी चेतावनी

Published On

DAP Shortage: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। डीएपी खाद की किल्लत किसानों की परेशानी लगातार बढ़ा रही है। वीरवार को अनाजमंडी में डीएपी लेने के लिए सुबह से ही सैकड़ों किसान पहुंच गए। किसान सुबह करीब 6 बजे निर्धारित दुकानों के बाहर कतारों में खड़े हो गए, लेकिन 11 बजे तक टोकन नहीं कटने पर किसानों का धैर्य जवाब देने लगा। किसानों ने जाम लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारी हरकत में आए और किसानों को किसान भवन में एकत्रित कर पुलिस की मौजूदगी में टोकन बांटे गए।

हालांकि किसान भवन में 23 सितंबर को ही डीएपी का स्टॉक खत्म होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया था, इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान खाद की उम्मीद में मंडी पहुंच गए। टोकन कटवाने को लेकर किसानों में आपस में भी धक्का-मुक्की और कहासुनी की स्थिति बनी रही। बाद में प्रत्येक आधार कार्ड पर तीन-तीन कट्टे डीएपी देने की व्यवस्था की गई। वीरवार को सरसा शहर में करीब 600 किसानों को टोकन बांटकर खाद उपलब्ध करवाई गई।

47,316 कट्टों का रैक पहुंचा, सरकारी और निजी दुकानों पर भेजी खाद

कृषि अधिकारियों के अनुसार नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के 47,316 कट्टों का रैक पहुंचा था। इसमें से 24 हजार कट्टे हैफेड के माध्यम से सोसायटियों और अन्य सरकारी दुकानों पर भेजे गए, जबकि 23,316 कट्टे निजी दुकानों पर वितरित किए गए। इसके बाद किसानों को अलग-अलग निर्धारित केंद्रों से खाद उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

महिलाओं ने कहा, 100 एकड़ में फसल, अभी मिले सिर्फ 5 से 10 कट्टे

डीएपी लेने के लिए पुरुषों के साथ महिलाएं भी घंटों कतार में खड़ी नजर आईं। शहीदावाली से पहुंची गीता व गुरमीत कौर ने बताया कि उनके पास करीब 100 एकड़ भूमि पर फसल है, लेकिन अब तक उन्हें केवल 5 से 10 कट्टे ही डीएपी मिल पाई है। किसानों का कहना था कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसल प्रभावित होने की चिंता बढ़ रही है। देर शाम तक अनाजमंडी की दुकानों के बाहर किसानों की कतारें लगी रहीं। किसान अपनी बारी का इंतजार करते हुए खाद लेने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए।

 

About The Author

Related Posts