वाहन चालक ध्यान दें इन रास्तों पर जाने से पहले ये खबर जरूर पढ़ लेना....
वाहन चालक ध्यान दें इन रास्तों पर जाने से पहले ये खबर जरूर पढ़ लेना....
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। वेव सिटी के सामने एनएच-9 पर नए फुटओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते 25/26 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे से सुबह छह बजे तक एनएच-9 का संबंधित मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने इस दौरान मेरठ और हापुड़ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।डीसीपी यातयात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मेरठ की ओर से आने वाले वाहन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से वेव सिटी/वेदांत के सामने स्थित एग्जिट प्वाइंट से बाहर नहीं निकल सकेंगे। ऐसे वाहन एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ते हुए एबीईएस कॉलेज कट से बाहर निकलकर गाजियाबाद या दिल्ली की ओर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
वहीं, हापुड़ की ओर से एनएच-9 होकर दिल्ली या गाजियाबाद जाने वाले वाहनों के लिए वेदांत फार्मिंग के सामने एनएच-9 का मार्ग बंद रहेगा। इन वाहनों को वेदांत फार्मिंग के सामने बने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ना होगा। इसके बाद एक्सप्रेसवे से सीधे आगे जाकर एबीईएस कॉलेज कट से बाहर निकलकर गंतव्य की ओर जाना होगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करने, वाहनों की गति नियंत्रित रखने तथा डायवर्जन प्वाइंट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों और सुरक्षा संकेतकों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने निर्माण कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है।