लद्दाख में MBBS-BDS एडमिशन का बदला नियम, अब नहीं चलेगा कैटेगरी और रोस्टर सिस्टम; NEET रैंक से मिलेगा कॉलेज
लद्दाख में MBBS-BDS एडमिशन का बदला नियम, अब नहीं चलेगा कैटेगरी और रोस्टर सिस्टम; NEET रैंक से मिलेगा कॉलेज
Ladakh Medical Admission 2026: लद्दाख प्रशासन ने केंद्रीय पूल के तहत मिलने वाली MBBS और BDS सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब इन सीटों के लिए अलग-अलग कैटेगरी और रोस्टर के आधार पर अलग मेरिट लिस्ट तैयार नहीं की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत सभी पात्र उम्मीदवारों की एक ही मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी और एडमिशन NEET की मेरिट/रैंक तथा उम्मीदवार की ओर से चुनी गई कॉलेज प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
लद्दाख स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 2021 में लागू व्यवस्था में संशोधन करते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। यह बदलाव केंद्र शासित प्रदेश में सात नए जिलों के गठन के बाद किया गया है। नई गाइडलाइंस को उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद लागू किया गया है।
अब अलग-अलग कैटेगरी और रोस्टर नहीं
2021 में लागू व्यवस्था के तहत केंद्रीय पूल की मेडिकल सीटों के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग कैटेगरी में रखा जाता था। इसमें आरक्षित और अनारक्षित वर्ग, लेह और कारगिल जिले, पुरुष और महिला उम्मीदवारों सहित अन्य निर्धारित श्रेणियां शामिल थीं।
नई व्यवस्था में इन अलग-अलग कैटेगरी और रोस्टर सिस्टम को समाप्त कर दिया गया है। अब उम्मीदवार के जिले, लिंग या आरक्षित-अनारक्षित श्रेणी के आधार पर अलग मेरिट नहीं बनाई जाएगी। सभी पात्र उम्मीदवारों को एक ही मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा।
NEET रैंक और पसंद के आधार पर होगा सीट आवंटन
नई गाइडलाइंस के अनुसार केंद्रीय पूल की MBBS और BDS सीटों पर एडमिशन NEET मेरिट/रैंक और उम्मीदवार की ओर से भरी गई पसंद के आधार पर किया जाएगा।
इसका मतलब है कि सीट आवंटन में उम्मीदवार की NEET रैंक के साथ आवेदन के दौरान चुने गए मेडिकल या डेंटल कॉलेजों की प्राथमिकता भी महत्वपूर्ण होगी।
2026-27 में लद्दाख को मिली 9 मेडिकल सीटें
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने लद्दाख को केंद्रीय पूल के तहत कुल 9 सीटें आवंटित की हैं। इनमें 7 MBBS और 2 BDS सीटें शामिल हैं।
7 MBBS सीटों का आवंटन
लद्दाख प्रशासन के अनुसार एक-एक MBBS सीट निम्न मेडिकल कॉलेजों में दी गई है:
- लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, नई दिल्ली
- एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ
- मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, दिल्ली
- आरएसडीकेएस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, अंबिकापुर, छत्तीसगढ़
- दुमका मेडिकल कॉलेज, झारखंड
- एमएलबी मेडिकल कॉलेज, झांसी
- चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, दुर्ग, छत्तीसगढ़
2 BDS सीटें
दो BDS सीटें निम्न संस्थानों में आवंटित की गई हैं:
- केजी डेंटल कॉलेज, लखनऊ
- गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज, इंदौर
दोनों संस्थानों में एक-एक सीट उपलब्ध कराई गई है।
आवेदन के लिए मिलेगा 7 दिन का समय
लद्दाख प्रशासन के मुताबिक वैध NEET रैंक रखने वाले पात्र उम्मीदवारों को केंद्रीय पूल की MBBS और BDS सीटों के लिए आवेदन करने का 7 दिन का समय दिया जाएगा।
उम्मीदवारों को आवेदन लद्दाख के आधिकारिक NIC पोर्टल के माध्यम से करना होगा। आवेदन और पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को लद्दाख प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देश देखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने 22 सितंबर 2026 को इस संबंध में आवेदन अधिसूचना भी जारी की है।
नई व्यवस्था का उद्देश्य केंद्रीय पूल की सीमित मेडिकल सीटों के आवंटन के लिए एक समान मेरिट प्रक्रिया लागू करना है, जिसमें पात्र उम्मीदवारों की NEET रैंक और उनकी कॉलेज पसंद के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी।