शिक्षा और रोजगार
Rubber Company: रबर कंपनी में स्टोर रूम की दीवार गिरी, 3 मजदूरों की मौत
पालघर में बड़ा हादसा: रबर कंपनी में स्टोर रूम की दीवार गिरी, 3 मजदूरों की मौत
पालघर (एजेंसी)। Palghar Wall Collapse Accident: महाराष्ट्र के पालघर में गुरुवार को एक रबर कंपनी की दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि वाडा थाना क्षेत्र के विक्रमगढ़ रोड स्थित टीना रबर कंपनी में यह हादसा हुआ। फिलहाल,पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे मजदूर नाश्ता कर रहे थे। तभी पास स्थित स्टोर रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। कई लोग मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालने के प्रयास किए। हालांकि, मलबे में दबने से तीन की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विक्रमगढ़ के मोहा गांव निवासी केशव वालकु गुनगुणा, विक्रमगढ़ की वसूरी निवासी मीरा जानू गवली और वाडा की कोंब पोशेरी निवासी रंजना दिलीप कोंब के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।
इससे पहले, महाराष्ट्र के पनवेल सीमा क्षेत्र में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक बस में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। बस में कुल 14 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से दूसरी बस में शिफ्ट कर आगे रवाना कर दिया गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पुणे लेन में किलोमीटर 16 के पास बस में आग लगी। समय रहते सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया। साथ ही, पुलिस और दमकल विभाग को बस में आग लगने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद पनवेल महानगरपालिका और खोपोली नगर परिषद की दमकल विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।