Baghpat News: बागपत के दिल में अमिट छाप छोड़ गई अस्मिता

बागपत डीएम अस्मिता लाल का हुआ तबादला 

Published On

बागपत (सच कहूँ/सन्दीप दहिया)। Baghpat News: जिलाधिकारी अस्मिता लाल का करीब 20 माह के कार्यकाल के बाद तबादला हो गया। प्रशासनिक दृष्टि से यह सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन उनके कार्यकाल के दौरान किए गए जनहित और नवाचार के कार्यों के चलते जिले के लोगों में उनकी विदाई को लेकर अलग भावनाएं देखने को मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश राज्य युवा पुरस्कार विजेता सामाजिक कार्यकर्ता अमन कुमार ने बताया कि अस्मिता लाल के कार्यकाल में प्रशासन और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने तथा समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझने का प्रयास दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान, तहसील स्तर पर खतौनी वितरण, महिला सुरक्षा के लिए की-चेन अलार्म, बेटी के जन्म को उत्सव का रूप देने, किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों की सुरक्षा, नवजातों की देखभाल और युवाओं के लिए रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराने जैसी कई पहलें उनके कार्यकाल में चर्चा में रहीं।

पहलें जो बनीं पहचान बेटी के जन्म पर उत्सव

नवजात बच्चियों को जन्म प्रमाणपत्र, बेबी किट और पौधा देने के साथ सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।महिला सुरक्षा पर जोर

महिलाओं को की-चेन अलार्म उपलब्ध कराने के माध्यम से सुरक्षा को रोजमर्रा के जीवन से जोड़ने का प्रयास किया गया।

बच्चों की सुरक्षा

खेल एवं गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा और अच्छे-बुरे स्पर्श के प्रति जागरूक किया गया।

पर्यावरण संरक्षण

पुरा महादेव में जीरो-वेस्ट मेला, बर्तन बैंक, फूलों से खाद तैयार करने और अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग जैसी पहलें की गईं।

बेजुबानों के प्रति संवेदना

पक्षियों के लिए दाना-पानी, स्ट्रीट डॉग्स के लिए शेल्टर और किसान दिवस के दौरान लंगूर के डीएम की कुर्सी पर बैठने की घटना से जुड़ी ‘मटरू’ की तस्वीर भी लोगों के बीच चर्चित रही। अमन कुमार ने बताया कि किसी अधिकारी की पहचान केवल सरकारी आदेशों और योजनाओं से नहीं होती, बल्कि इस बात से भी होती है कि आम लोग उसे किस रूप में याद करते हैं।

अस्मिता लाल के कार्यकाल में किसान, महिलाएं, युवा, बच्चे और ग्रामीण प्रशासन से सीधे संवाद करते दिखाई दिए। कई मौकों पर अधिकारी स्वयं लोगों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया।उन्होंने बताया कि वह और जिले के युवा जनपद के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी जारी रखते हुए इस सकारात्मक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

About The Author

Related Posts