यूपी के इस शहर की बदल जाएगी तस्वीर, प्रोपर्टी के दामों में आने वाला है बड़ा उछाल, सरकार ने उठाए ये बड़े कदम
गाजियाबाद के विकास को मिली रफ्तार, 66.73 करोड़ के कार्यों पर मुहर
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। गाजियाबाद के सुनियोजित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास को गति देने के लिए वीरवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 174 वीं बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मंडलायुक्त मेरठ एवं जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, 501.2173 हेक्टेयर की हरनन्दीपुरम आवासीय योजना, बड़े टाउनशिप प्रोजेक्ट, औद्योगिक भू-उपयोग और आवासीय योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। इसके साथ ही नगरीय अवस्थापना निधि समिति की बैठक में 66.73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें जीटी रोड पर 4-लेन एलिवेटेड रोड, रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास और करीब 30 स्थानों पर ओपन जिम जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
क्रिकेट स्टेडियम के लिए लैंड पूलिंग और एमओयू को मंजूरी
174 वीं बोर्ड बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के स्वामित्व वाली भूमि को लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त करने तथा स्टेडियम निर्माण के लिए ड्राफ्ट एमओयू और फिजिबिलिटी रिपोर्ट से संबंधित कार्यवाही को बोर्ड ने मंजूरी दी। स्टेडियम बनने से शहर में बड़े खेल आयोजनों के साथ होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, हॉस्पिटैलिटी और स्थानीय व्यापार जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
501 हेक्टेयर में विकसित होगी हरनन्दीपुरम योजना
जीडीए की प्रस्तावित हरनन्दीपुरम आवासीय योजना का कुल क्षेत्रफल 501.2173 हेक्टेयर है। प्रथम चरण में भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा में अधिग्रहीत भूमि में से 24.1213 हेक्टेयर भूमि का भू-उपयोग कृषि से आवासीय किए जाने को मंजूरी दी गई। प्रथम चरण का तलपट मानचित्र करीब 49.62 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। सड़क चौड़ीकरण और अन्य प्रावधानों के बाद लगभग 25.40 हेक्टेयर नेट स्कीम एरिया में आवासीय, वाणिज्यिक, सामुदायिक, हरित और यातायात सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
इन्दिरापुरम में 5,965 वर्गमीटर भूमि आवासीय होगी
इन्दिरापुरम शक्तिखंड-4 में 5,965.29 वर्गमीटर के होटल भूखंड को होटल (व्यावसायिक) से आवासीय (ग्रुप हाउसिंग) में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा कोयल एन्क्लेव के 12,868.88 और 2,020 वर्गमीटर के ग्रुप हाउसिंग भूखंडों को प्लॉटेड डेवलपमेंट में बदलने तथा इन्द्रप्रस्थ योजना के 4,353 वर्गमीटर के भूखंड में भी प्लॉटेड डेवलपमेंट की अनुमति देने संबंधी प्रस्ताव स्वीकृत हुए।
सनसिटी और सनराइज ग्रीन टाउनशिप को भी हरी झंडी
सनसिटी टाउनशिप की संशोधित 2,420.11 एकड़ की डीपीआर के तहत प्रथम चरण में 589.02 एकड़ के तलपट मानचित्र को मंजूरी दी गई। शाहपुर बम्हैटा की सनराइज ग्रीन इंटीग्रेटेड टाउनशिप की पूर्व स्वीकृत 300 एकड़ की डीपीआर को संशोधित कर 252.32 एकड़ के लिए पुनरीक्षित डीपीआर को भी स्वीकृति मिली। हसनपुर लोढ़ा, धौलाना की 13.1568 हेक्टेयर भूमि को कृषि से औद्योगिक भू-उपयोग में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे क्षेत्र में एमएसएमई गतिविधियों और औद्योगिक निवेश के लिए भूमि उपलब्ध होने का रास्ता साफ होगा।
मधुबन-बापूधाम के 198 भवनों की ई-नीलामी का रास्ता साफ
मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन 198 दो-BHK भवनों का मूल्यांकन कराकर ‘जैसा है, जहां है’ के आधार पर ई-नीलामी किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दी। इससे प्राधिकरण की निर्माणाधीन आवासीय संपत्तियों के बेहतर उपयोग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
नगरीय अवस्थापना निधि से 66.73 करोड़ के विकास कार्य मंजूर
इसी दिन जीडीए कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त एवं जीडीए बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में नगरीय अवस्थापना निधि समिति की बैठक हुई। इसमें कुल 66.73 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। 31 अगस्त 2026 तक नगरीय अवस्थापना निधि में 272.53 करोड़ रुपये उपलब्ध थे। वित्तीय वर्ष 2026-27 की संभावित आय को जोड़कर 31 मार्च 2027 तक करीब 322.53 करोड़ रुपये उपलब्ध होने का अनुमान है।
जीटी रोड पर बनेगा दो किमी लंबा 4-लेन एलिवेटेड रोड
घंटाघर रामलीला मैदान के सामने से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़ और आधार सेवा केंद्र तक करीब दो किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण को मंजूरी दी गई। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 200.23 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के लिए नगरीय अवस्थापना निधि से 50.23 करोड़ रुपये की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और करीब 100 करोड़ रुपये के ऋण की व्यवस्था का प्रस्ताव है। एलिवेटेड रोड बनने से चौधरी मोड़, घंटाघर और आसपास के व्यस्त क्षेत्रों में यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बीच वाले रेलवे फाटक पर बनेगा अंडरपास
नए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और एलटीएच क्रॉसिंग के बीच स्थित ‘बीच वाला फाटक’ एलसी-3सी को बंद कर उसके स्थान पर अंडरपास बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। ट्रैफिक सर्वे में यहां करीब 22,993 वाहनों का ट्रैफिक वॉल्यूम दर्ज किया गया है। अंडरपास निर्माण के लिए जीडीए की ओर से 12 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे राजनगर, लोहियानगर औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
30 स्थानों पर बनेंगे ओपन जिम
जीडीए की विभिन्न योजनाओं के पार्कों और ग्रुप हाउसिंग क्षेत्रों में करीब 30 स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 4.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे स्थानीय निवासियों को घर के पास व्यायाम की सुविधा उपलब्ध होगी।
बुनकर मार्ट के 60 करोड़ अब योजना मद से खर्च होंगे
मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन बुनकर मार्ट के लिए पूर्व में नगरीय अवस्थापना निधि से स्वीकृत 60 करोड़ रुपये की शेष धनराशि अब योजना मद से खर्च की जाएगी। इससे अवस्थापना निधि पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा और इस राशि का उपयोग शहर की अन्य जरूरी परियोजनाओं में किया जा सकेगा। बैठक में जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीना, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक समेत बोर्ड के अन्य सदस्य एवं अधिकारी मौजूद रहे।