NMMS Scholarship: एनएमएमएस छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरु, जाने कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन
छात्रवृत्ति के लिए 2,337 विद्यार्थियों का होगा चयन
NMMS Scholarship: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई जारी रखने का रास्ता आसान करने वाली राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) के लिए वीरवार से आॅनलाइन आवेदन शुरू हो गए। कक्षा 8वीं में पढ़ रहे पात्र विद्यार्थी 24 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा 29 नवंबर को होगी। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर महीने 1,000 रुपए छात्रवृत्ति मिलेगी। यानी चार साल में विद्यार्थी को कुल 48 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
हरियाणा में इस बार 2,337 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। सरसा में अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग ने आवेदन प्रक्रिया की निगरानी पर भी जोर दिया है। डिंग स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में जिले के सभी स्कूलों के आईएनओ शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही रोजाना आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का डाटा गूगल शीट के माध्यम से लिया जाएगा। विभाग इस डाटा की निगरानी कर ऐसे स्कूलों और विद्यार्थियों की पहचान करेगा, जहां पात्र होने के बावजूद आवेदन नहीं हुआ है।
सातवीं पास और 3.50 लाख से कम आय जरूरी
एनएमएमएस परीक्षा के लिए हरियाणा के सरकारी अथवा अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 8वीं में पढ़ रहे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थी ने कक्षा 7वीं की परीक्षा भी सरकारी अथवा अनुदान प्राप्त विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए। इसके अलावा विद्यार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 3.50 लाख रुपए से कम होना जरूरी है। योजना में आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है। बीसी-ए के लिए 16 प्रतिशत, बीसी-बी के लिए 11 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 20 प्रतिशत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 3 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित किया गया है।
पिछले तीन साल में लगातार बढ़ा चयन
सरसा जिले में एनएमएमएस के तहत पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो चयनित विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2023-24 में 112 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 113 और वर्ष 2025-26 में 119 हो गई। शिक्षा विभाग इस बार पात्र विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूल स्तर पर निगरानी और प्रशिक्षण पर जोर दे रहा है।
एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो गई है। जो 24 अक्तूबर तक जारी रहेगी। 29 नवंबर को परीक्षा होगी। हमारा प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी आवेदन से वंचित न रहे। इसके लिए सभी स्कूलों को पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर समय पर आवेदन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। आईएनओ शिक्षकों की ट्रेनिंग और रोजाना आवेदनों की मॉनिटरिंग के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी। पीडी बेनीवाल, नोडल अधिकारी, एनएमएमएस सरसा।
एनएमएमएस छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण मददगार है। सभी पात्र विद्यार्थियों को इसके लिए आवेदन करने चाहिए। चयनित विद्यार्थी को चार साल में 48 हजार की छात्रवृत्ति मिलती है। सुभाष कुमार फुटेला जिला शिक्षा अधिकारी सरसा।