उधार के 15 हजार रुपए मांगने पर ई-मित्र संचालक से मारपीट, दुकान में तोड़फोड़

तीन लोगों पर दुकान में घुसकर मारपीट करने, 70 हजार रुपए समेत नकदी-दस्तावेज ले जाने का आरोप

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। रावतसर बस स्टैंड पर ई-मित्र की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के साथ उधार दिए 15 हजार रुपए वापस मांगने को लेकर मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन व्यक्ति दुकान में घुसे और संचालक के साथ मारपीट करते हुए दुकान में रखा सामान बिखेर दिया तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी और अन्य सामान ले गए। रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 24, रावतसर निवासी प्रभुदयाल (42) पुत्र बृजलाल कुम्हार ने रिपोर्ट दी कि वह बस स्टैंड पर श्री गणेश कंप्यूटर एवं फोटोस्टेट नाम से ई-मित्र की दुकान चलाता है। करीब एक माह पहले उसने रोहिताश पुत्र मसूदीराम नाई निवासी केसरदेसर हाल राजीव बस्ती, रावतसर से 15 हजार रुपए उधार लिए थे। 21 सितंबर को वह दुकान पर आईबीपीएस, आरआरबी ग्रामीण बैंक और जीडीएस-पोस्ट ऑफिस की सेवाओं के आवेदन फॉर्म भर रहा था। शाम करीब छह बजे रोहिताश दुकान पर आया और उधार दिए 15 हजार रुपए वापस मांगने लगा।

रिपोर्ट के अनुसार प्रभुदयाल ने उससे कहा कि उसका भाई बस लेकर बाहर गया हुआ है और करीब आठ बजे लौट आएगा। उसके आने के बाद रुपए देने की बात कहने पर रोहिताश गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर चला गया। आरोप है कि करीब 15-20 मिनट बाद रोहिताश, दारासिंह और एक अन्य व्यक्ति के साथ दुकान में आया। तीनों ने प्रभुदयाल के साथ मारपीट की और दुकान का सामान बिखेर दिया।

प्रभुदयाल ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुकान में रखे दस्तावेज और कागज फाड़ दिए तथा उसके गले में रखे 1700 रुपए, गल्ले में रखी 70 हजार रुपए की अमानत राशि, कुछ खाली स्टांप, खाली चेक, दुकान व वाहनों के हिसाब के रजिस्टर और अन्य लोगों के दस्तावेज व स्टांप जबरन निकाल लिए। इसके बाद उसे घसीटकर दुकान से बाहर ले आए। आसपास के लोगों के ललकारने पर आरोपी उसे छोड़कर दुकान पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार दुकान बंद होने के कारण कई छात्रों के आवेदन ऑनलाइन नहीं हो सके। वहीं दुकान में पंखे, एसी और कंप्यूटर आदि चालू हालत में ही रह गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर रोहिताश, दारासिंह जाट और एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts