गणेश महोत्सव पर पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पर्यावरण अनुकूल तरीके से हुआ विसर्जन, विसर्जन स्थल पर किया शमी का पौधारोपण

Published On

Ganesh Mahotsav: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन स्थित सनसिटी एनक्लेव (रिचवुड विला) कॉलोनी में आयोजित गणेश महोत्सव के तहत 14 सितंबर को स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का गुरुवार शाम श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्यावरण अनुकूल तरीके से विसर्जन किया गया। विसर्जन से पूर्व कॉलोनीवासी ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए पार्क पहुंचे। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

विसर्जन से पहले कॉलोनी पार्क में श्रद्धा और आस्था का भावपूर्ण माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु एक-एक कर भगवान श्री गणेश के समीप पहुंचे और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी-अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। किसी ने परिवार की सुख-समृद्धि तो किसी ने स्वास्थ्य, खुशहाली और क्षेत्र के मंगल की कामना की। श्रद्धालुओं का मानना है कि गणपति बप्पा के कान में कही गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस परंपरा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आयोजिका अनुराधा शर्मा ने बताया कि गणेश प्रतिमा घग्घर नदी की मिट्टी से स्थानीय स्कूल के एक छात्र की ओर से तैयार की गई थी। प्रतिमा को प्राकृतिक रंगों से सजाया गया था। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा का विसर्जन किसी नदी या जलाशय में करने के बजाय पार्क में बनाए गए निर्धारित गड्ढे में किया गया। शुक्रवार सुबह विसर्जन स्थल पर शमी का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन में सभी समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गणेश महोत्सव के आयोजन में समस्त कॉलोनीवासियों ने सहयोग किया।

Ganesh-Mahotasav-Public

About The Author

Related Posts