2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती, ड्रोन से निगरानी; देखें क्या है माजरा
चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Trade Fair 2026: ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ/एजेंसी)। चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के आयोजन को लेकर नोएडा में सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां की गई हैं। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों और विदेशी प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रेड शो की सुरक्षा के लिए 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों और विभिन्न स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पूरे सुरक्षा इंतजाम को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पीएसी की तैनाती भी की गई है।
चार स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के मुताबिक आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चार स्तर की सुरक्षा रखी गई है। इंटरस्टेट और इंटर-डिस्ट्रिक्ट बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जरूरत के अनुसार वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की व्यवस्था भी की गई है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के आसपास सिविल पुलिस के साथ पीएसी जवानों को भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आयोजन में विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा पर नजर रखने के लिए ड्रोन सर्विलांस की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी विभिन्न स्थानों की निगरानी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य आयोजन स्थल के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 20 से अधिक पार्किंग स्थान चिन्हित किए गए हैं।
पुलिस ने लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि ट्रेड शो में आने वाले लोगों के साथ आम वाहन चालकों को भी कम से कम परेशानी हो।
25 से 29 सितंबर तक चलेगा ट्रेड शो
चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी कारोबारी प्रतिनिधियों, निवेशकों और उद्यमियों के पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ट्रेड शो में शामिल होने वाले निवेशकों, उद्यमियों और वैश्विक कारोबारी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थानीय क्षमता को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 में देश-विदेश से पहुंचने वाले कारोबारियों और प्रतिनिधियों का उत्तर प्रदेश में स्वागत एवं अभिनंदन किया।