शिक्षा और रोजगार
बाड़े से 4 बकरी और 5 भेड़ चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के चक 9 एमएसआर का मामला
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के चक 9 एमएसआर, सरदारगढ़िया में अज्ञात चोर एक बाड़े से 4 बकरी और 5 भेड़ चोरी कर ले गए। पशु मालिक की ओर से आसपास काफी तलाश करने के बावजूद पशुओं का कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में माडूराम (61) पुत्र शंकरलाल गोदारा निवासी चक 9 एमएसआर, सरदारगढ़िया तहसील भादरा ने बताया कि 20 सितंबर की रात किसी समय अज्ञात व्यक्ति उसके बाड़े से 4 बकरी और 5 भेड़ चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने के बाद परिवादी ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की तथा संभावित स्थानों पर पशुओं को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद उसने गोगामेड़ी थाने में रिपोर्ट देकर चोरी हुए पशुओं की तलाश करवाने और अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल रमेश को सौंपी गई है।