शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh Crime: किसान को बदमाशों ने घेरा, मारपीट कर मोबाइल फोन-बाइक छीनने का प्रयास
तीन अज्ञात युवकों पर लगाया आरोप, संगरिया पुलिस ने दर्ज किया मामला
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। संगरिया थाना क्षेत्र के इन्द्रगढ़ गांव निवासी एक किसान ने खेत में पानी की बारी लगाने जाते समय तीन अज्ञात व्यक्तियों पर रास्ता रोककर लाठी-डंडों से मारपीट करने तथा मोबाइल फोन व मोटर साइकिल छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। परिवादी की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में सिकन्दर सिंह (42) पुत्र नन्द सिंह जटसिख निवासी इन्द्रगढ़ ने बताया कि वह खेती करता है और उसकी कृषि भूमि चक 5 आईडीजी में है। 19 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसकी खेत में पानी की बारी थी। वह मोटर साइकिल से पानी की बारी लगाने के लिए खेत जा रहा था। परिवादी के अनुसार जब वह तरसेम सिंह की डिग्गी के पास पहुंचा तो तीन अज्ञात व्यक्ति, जिनके हाथों में लाठी-डंडे थे, ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की तथा मोबाइल फोन और मोटर साइकिल छीनने का प्रयास किया। सिकन्दर सिंह ने बताया कि उसने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई और इसके बाद टॉर्च की रोशनी की तो तीनों व्यक्ति वहां से भाग गए। बाद में 5 पीटीपी नुकेरा ढाणी गुरुद्वारा में आरोपियों के पैरों के निशान मिले। उसने पुलिस से गुरुद्वारा के ग्रंथी से पूछताछ करने की मांग भी की।
रिपोर्ट के अनुसार परिवादी ने घटना के संबंध में 20 सितंबर को मालारामपुरा चौकी में प्रार्थना-पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 22 सितंबर को संगरिया थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।