Married Woman Dies: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति समेत छह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज

भाई का आरोप-दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित, मौत से एक दिन पहले बहन ने फोन कर बचाने की लगाई थी गुहार

Published On

Married Woman Dies: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नोहर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाली एक विवाहिता की किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। नोहर थाना पुलिस ने दहेज हत्या व एससीएसटी एक्ट की धाराओं के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शेरसिंह (25) पुत्र नरसिंह मेघवाल निवासी मेघाना ने रिपोर्ट दी। उसने बताया कि उसकी बहन प्रियंका ने करीब तीन वर्ष पहले मदन पुत्र हंसराम जाट निवासी भरवाली तहसील नोहर के साथ प्रेम विवाह किया था। परिवादी का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही मदन, उसकी मां, बहन सुनीता, सुनीता की बहन एवं बहनोई संजय तथा मदन का भाई सुनील उसकी बहन को परेशान करने लगे और दहेज की मांग करते थे।

दहेज देने में असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद प्रियंका नोहर कस्बे में किराए के मकान में रहने लगी, लेकिन वहां रहने के दौरान भी ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करते रहे। प्रियंका ने मदन के खिलाफ शादी से जुड़े विवाद को लेकर तलाक का मुकदमा भी किया था। परिवादी ने बताया कि उसने एक-दो बार पंचायत कर मदन, उसके माता-पिता, बहनों, बहनोई और देवर को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ।

26 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे प्रियंका ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसका पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तथा उसे जान से खत्म करना चाहते हैं। उसने पिता से उसे ले जाने के लिए कहा। पिता ने अगले दिन आकर ले जाने की बात कही। 27 सितंबर की अल सुबह करीब 4 बजे परिवार को सूचना मिली कि प्रियंका की किन्हीं परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रियंका का शव मोर्चरी में मिला।

परिवादी ने आरोप लगाया कि लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी बहन की मौत हुई है तथा देखने से फांसी के कारण मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान नोहर वृत्ताधिकारी सुभाष चन्द्र कर रहे हैं। पुलिस मामले में मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts