शराब के नशे में बच्ची से मारपीट कर रहे व्यक्ति को रोकना पड़ा भारी
बच्ची को बचाने दौड़े मजदूर पर धारदार हथियारों से हमला, सिर में लगी गंभीर चोट
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन में ओवरब्रिज के नीचे एक बच्ची को मारपीट से बचाने पहुंचे मजदूर पर 3-4 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर धारदार हथियारों से लैस थे और उन्होंने एकराय होकर मजदूर के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट लगी। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बलविन्द्र सिंह (40) पुत्र कर्मसिंह निवासी वार्ड नंबर 9, गांव जंडावाली पीएस सदर ने रिपोर्ट दी कि वह जंक्शन के ओवरब्रिज के पास बने लोड-अनलोड मजदूर यूनियन (सीआईटीयू) कार्यालय के नेतृत्व में मजदूरी का कार्य करता है।
रिपोर्ट के अनुसार 23 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह खाना खाने के बाद आराम करने के लिए सीआईटीयू कार्यालय के सामने ओवरब्रिज के नीचे पड़े लकड़ी के फट्टे पर लेटा हुआ था। इसी दौरान ओवरब्रिज के नीचे झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वाले लोगों में से एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने शराब का सेवन कर रखा था, एक छोटी बच्ची के साथ मारपीट कर रहा था। बच्ची के रोने और शोर की आवाज सुनकर बलविन्द्र सिंह उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा।
बच्ची को छुड़ाने पहुंचे बलविन्द्र सिंह के साथ उक्त व्यक्ति ने मारपीट शुरू कर दी और पास की झोंपड़ी में मौजूद 3-4 अन्य लोगों को आवाज देकर बुलाया। ये लोग धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और एकराय होकर बलविन्द्र सिंह के साथ मारपीट करने लगे। हमले में उसके सिर के दाईं ओर चोट लगी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।