Baba Farid Gold Cup: जालंधर को हराकर शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम एकेडमी सरसा ने जीता ‘बाबा फरीद गोल्ड कप’
जालंधर को हराकर शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम एकेडमी सरसा ने जीता ‘बाबा फरीद गोल्ड कप’
फरीदकोट (सच कहूँ/गुरप्रीत पक्का)। Shah Satnam Ji Cricket Academy: बाबा शेख फरीद जी के पवित्र आगमन पर्व को समर्पित आयोजित किए गए प्रसिद्ध क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी, सरसा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जालंधर की टीम को हराकर गोल्ड कप अपने नाम कर लिया। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी जीत का पूरा श्रेय पूज्य गुुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां को दिया। बाबा फरीद जी की पवित्र धरती पर खेले गए इस बेहद रोमांचक मुकाबले में अंत तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली,
लेकिन शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम के कोच जसकरण सिंह सिद्धू ने बताया कि फाइनल मुकाबले में शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। इसमें रणदीप बराड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। इसके साथ ही भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके कनिष्क चौहान ने भी 12 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 36 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। माधव नैण ने 23 रन, दीपेंद्र चीमा ने 18 रन और राहुल वर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।
जालंधर की टीम की ओर से निष्पक्ष और विक्की क्रिकेटर ने 2-2 विकेट, जबकि अभय चौधरी और दीपांशु चड्ढा ने 1-1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए जालंधर की टीम 19.2 ओवरों में 196 रन पर ढेर हो गई। टीम की ओर से निष्पक्ष ने 16 गेंदों में 47 रनों की पारी खेली। इसके अलावा प्रभ सिंह चहल ने 39 रन और रिधम ने 20 रन बनाए, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी की ओर से रणदीप बराड़ ने 4 ओवरों में 29 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया, जबकि कनिष्क चौहान ने 4 ओवरों में 43 रन देकर 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।
शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी की टीम ने फाइनल मुकाबला अपने नाम करते हुए 1 लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ गोल्ड कप पर भी कब्जा कर लिया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए रणदीप बराड़ को मैन आॅफ द मैच, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए कनिष्क चौहान को मैन आॅफ द सीरीज घोषित किया गया। जसकरण सिंह सिद्धू ने बताया कि टूर्नामेंट में पंजाब और पड़ोसी राज्यों की कई बेहतरीन टीमों ने हिस्सा लिया था, लेकिन नॉकआउट, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों से होते हुए शाह सतनाम जी क्रिकेट अकादमी ने शुरूआत से ही विजेता रहते हुए अपना दबदबा कायम किया।
खिलाड़ियों और प्रबंधकों ने जताया आभार
फाइनल मुकाबले में मैन आॅफ द मैच रहे टीम के खिलाड़ी रणदीप बराड़ ने अपनी खुशी साझा करते हुए अकादमी और पूरे मार्गदर्शन के लिए ‘एमएसजी पापा’ का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अकादमी की ओर से मिल रही विश्व स्तरीय सुविधाओं और सही दिशा-निर्देशों के कारण ही टीम हर मैदान में जीत के झंडे गाड़ रही है।
जीत की परंपरा को रखा बरकरार
कोच ने बताया कि बाबा शेख फरीद जी की याद में लंबे समय से आयोजित किए जा रहे इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी का रिकॉर्ड हमेशा शानदार रहा है। टीम पहले भी कई बार यह खिताब अपने नाम कर चुकी है और इस वर्ष भी ट्रॉफी जीतकर अपनी जीत की परंपरा को कायम रखा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी
शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम अकादमी आज के समय में उभरते खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हो रही है। कोच जसकरण सिंह सिद्धू के अनुसार, अकादमी में खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाती हैं, जिनमें आधुनिक बॉलिंग मशीनें, उच्च स्तरीय क्रिकेट नेट्स, विशेष अभ्यास पिचें और अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला विशाल क्रिकेट स्टेडियम शामिल है। अकादमी में खिलाड़ियों की शारीरिक और तकनीकी क्षमता को निखारने के लिए उच्च स्तरीय माहौल और वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि यहाँ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
