निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर बिजली के तार चोरी, दो युवकों पर आरोप
एक आरोपी ने स्वीकारी चोरी, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हनुमानगढ़। टाउन के पूर्णनगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर बिजली के तार चोरी करने का मामला सामने आया है। मकान मालिक ने दो युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए टाउन पुलिस थाना में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 41, सेक्टर नंबर 1, टाउन निवासी अश्वनी बंसल (61) पुत्र जगदीश प्रसाद अग्रवाल ने रिपोर्ट दी कि वार्ड नंबर 19, पूर्णनगर में उसका मकान निर्माणाधीन है और मकान में बिजली के तारों की फिटिंग का काम चल रहा है।
8 सितंबर की सुबह जब वह मकान पर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर सामान संभाला तो बिजली के वायर गायब मिले। रिपोर्ट के अनुसार 7 सितंबर की रात अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और बिजली के तार चोरी कर ले गए। आसपास जानकारी करने पर अश्वनी बंसल को पता चला कि सन्नी पुत्र बृजलाल निवासी सोरगर मोहल्ला, टाउन और उसका एक अन्य साथी चोरी में शामिल हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह सन्नी के पास अपने बिजली के तार वापस लेने गया तो आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया, लेकिन तार लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस से चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर तार बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है।