काम की बात: 27 सितंबर को बैंक खुलेंगे, 28 से 30 तक प्रस्तावित हड़ताल
Banking News: 27 सितंबर को बैंक खुलेंगे, 28 से 30 तक प्रस्तावित हड़ताल
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Bank News: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर (रविवार) को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबीएस) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबीएस) को विशेष कार्यदिवस के रूप में संचालित किया जाएगा। जिला अग्रणी प्रबंधक बुद्ध राम ने बताया कि वित्त मंत्रालय के निर्देश पर 27 सितंबर को बैंक शाखाओं को सामान्य रूप से संचालित रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने से ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।
भारतीय रिजर्व बैंक ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को इस दिन संचालित करने की अनुमति दी है।उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में ग्राहकों को शाखा आधारित सेवाओं में लगातार कई दिनों तक व्यवधान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि आवश्यक नकद निकासी, चेक, ऋण, खाता संबंधी कार्य तथा अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य 27 सितंबर को ही निपटा लें। डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि हड़ताल के दौरान कुछ बैंकिंग परिचालन प्रभावित होने की संभावना है।