Railway News: मंडोर सुपरफास्ट में बढ़ेंगे दो एसी कोच, बीकानेर रेलसेवा के डिब्बों की अवसंरचना में परिवर्तन
जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अस्थाई रूप से दो अतिरिक्त एसी कोच लगाने का निर्णय
Railway News: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। त्यौहारी सीजन में बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अस्थाई रूप से दो अतिरिक्त एसी कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को अधिक आरक्षित सीटें उपलब्ध हो सकेंगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 22491/22492 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में जोधपुर से 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक तथा दिल्ली से 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक एक थर्ड एसी और एक थर्ड एसी इकोनॉमी कोच अतिरिक्त लगाए जाएंगे। अतिरिक्त कोचों के जुड़ने से त्यौहारी अवधि में जोधपुर-दिल्ली के बीच एसी श्रेणी में आरक्षित सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बेहतर होगी।
बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर रेलसेवा के डिब्बों की अवसंरचना में परिवर्तन
रेलवे द्वारा बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर रेलसेवा के डिब्बों की अवसंरचना में परिवर्तन किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 14711/14712, बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर रेलसेवा बीकानेर से दिनांक 09.12.26 से एवं बान्द्रा टर्मिनस से दिनांक 10.12.26 से 02 सैकण्ड एसी, 06 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 02 गार्ड डिब्बों सहित कुल 20 डिब्बे होगे।