Accused absconding: फिंगरप्रिंट लेने के बाद थाने लाया गया आरोपी फरार

चोरी के आरोप में शांतिभंग की आशंका के तहत किया था गिरफ्तार, कार्यालय में इस्तगासा पर हस्ताक्षर कराने के दौरान भागा

Published On

Accused absconding: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। नोहर पुलिस थाने में चोरी के आरोप में पकड़ा गया एक 19 वर्षीय युवक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। आरोपी को शांतिभंग की आशंका के तहत गिरफ्तार कर हवालात में रखा गया था। अदालत में पेश करने और फिंगरप्रिंट लेने की प्रक्रिया के दौरान उसे हवालात से बाहर निकाला गया था। इसके बाद संतरी पहरे पर तैनात महिला कांस्टेबल को चकमा देकर आरोपी फरार हो गया। नोहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नोहर थाना के सहायक उप निरीक्षक रामप्रताप (50) पुत्र सत्यपाल कुम्हार निवासी नेठराना पीएस गोगामेड़ी ने रिपोर्ट दी कि 22 सितंबर की रात उनकी रात्रि ड्यूटी थी। गश्त के दौरान आदराम कड़वासरा ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि नोहर के वार्ड नंबर 11 में शनि मंदिर के पास सतीश वालिया के मकान में एक संदिग्ध युवक को पकड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक रामप्रताप पुलिस टीम के साथ सतीश वालिया के मकान की गली में पहुंचे।

वहां संदिग्ध युवक से उसका नाम-पता पूछा गया तो उसने अपना नाम गुरप्रीत (19) पुत्र सरजीत रायसिख निवासी वार्ड नंबर 57, सतीपुरा मोहल्ला, हनुमानगढ़, हाल किरायेदार सतीश वालिया का मकान, वार्ड नंबर 11, नोहर बताया। रिपोर्ट के अनुसार मौके पर सतीश वालिया के लोगों की ओर से गुरप्रीत पर दिन में चोरी करने का आरोप लगाया जा रहा था। चोरी का आरोप लगाए जाने पर वह झगड़ा-फसाद करने पर उतारू हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत रात करीब 10.50 बजे गिरफ्तार कर थाना लाया और हवालात में संतरी पहरे में रखा।

पुलिस के अनुसार अगले दिन 23 सितंबर को दोपहर करीब 12.30 बजे आरोपी को फिंगरप्रिंट लेने और अदालत में पेश करने की प्रक्रिया के लिए हवालात से बाहर निकाला गया। फिंगरप्रिंट लेने के बाद करीब एक बजे गुरप्रीत को संतरी पहरे पर तैनात महिला कांस्टेबल मंजू के सुपुर्द किया गया। इसी दौरान सहायक उपनिरीक्षक रामप्रताप गुरप्रीत सिंह के इस्तगासा पर हस्ताक्षर करवाने के लिए थाना कार्यालय में गए। उनके कार्यालय में जाने के कुछ समय बाद गुरप्रीत ने संतरी पहरे पर तैनात महिला कांस्टेबल को चकमा दिया और थाना परिसर से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही थाना परिसर और आसपास के इलाके में उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रिपोर्ट के आधार पर नोहर पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह नरूका को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

About The Author

Related Posts