Hanumangarh Weather: हनुमानगढ़ में छाया दिन में अंधेरा, धूलभरी आंधी के साथ हुई बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम, उठा रेतीला बवंडर

Published On

Hanumangarh Weather: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच सोमवार को हनुमानगढ़ जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह के समय आसमान में काले बादल छाए रहे और बादलवाही के बीच मौसम सुहाना बना रहा। जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। धूलभरी आंधी के बीच ठंडी हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट महसूस हुई। कई जगह रेतीला बवंडर उठा और कुछ देर के लिए दिन में ही अंधेरा छा गया।

पाकिस्तान के पंजाब क्षेत्र की तरफ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव का असर उत्तरी राजस्थान में दिखाई दिया। हनुमानगढ़, पीलीबंगा, पल्लू सहित जिले के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक लौट आई। मौसम विभाग ने 28 सितंबर को हनुमानगढ़ सहित बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी।

मौसम के बदले मिजाज से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में नरमा की फसल के साथ धान की फसल पकाव पर खड़ी है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से नरमा-धान की फसल के जमीन पर बिछने की आशंका है, जिससे किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 सितंबर को भी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम के मुख्यत: शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने तथा कमजोर पड़े डिप्रेशन के प्रभाव से 28 सितंबर को राजस्थान के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। अब सोमवार को हनुमानगढ़ जिले में मौसम के बदले मिजाज के रूप में इसका असर देखने को मिला।

About The Author

Related Posts