शिक्षा और रोजगार
Asian Games Cricket: भारत-अफगानिस्तान मैच रद्द! टूटा फैंस का दिल
भारत-अफगानिस्तान क्वार्टर फाइनल बारिश में धुला, भारत सेमीफाइनल में
Asian Games Cricket: निशिन (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण शुरू नहीं हो सका। लगातार खराब मौसम के चलते मैच रद्द करना पड़ा। बेहतर ICC T20 रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।
भारत के अगले दौर में पहुंचने से टीम और समर्थकों के लिए राहत जरूर रही, लेकिन स्टेडियम पहुंचे क्रिकेट फैंस को निराश होकर लौटना पड़ा। कई दर्शक लंबा सफर तय करके और काम से छुट्टी लेकर मुकाबला देखने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मैदान पर खिलाड़ियों का खेल देखने का मौका तक नहीं मिला।
भारत को सपोर्ट करने पहुंचे शुभम ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ करीब तीन घंटे ट्रेन से सफर करके स्टेडियम पहुंचे थे। पहली बार लाइव क्रिकेट मैच देखने की उनकी खास तैयारी थी, लेकिन बारिश ने पूरा उत्साह फीका कर दिया। उनके मुताबिक, स्टेडियम में मौजूद अधिकांश दर्शक मैच न होने से मायूस नजर आए।
शुभम के साथ आए हरि प्रसाद ने भी मुकाबला रद्द होने पर निराशा जताई। उनका कहना था कि वह काफी दूर से भारतीय खिलाड़ियों को करीब से देखने और टीम को चीयर करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन मौसम के कारण उनकी उम्मीद पूरी नहीं हो सकी। एक अन्य प्रशंसक दिनेश ने कहा कि मैच न हो पाने का अफसोस जरूर है, लेकिन अब उनकी कोशिश होगी कि अगर भारत फाइनल तक पहुंचता है तो वह दोबारा स्टेडियम पहुंचकर टीम को खेलते हुए देखें।
भारत से जापान पहुंचे फैन भी मायूस
भारतीय टीम का मुकाबला देखने के लिए भारत से जापान पहुंचे चेतन मोदी ने भी मैच रद्द होने पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वह खास तौर पर भारतीय टीम को मैदान पर खेलते देखने के लिए जापान पहुंचे थे। हालांकि, उनका कहना था कि मैच रद्द होने के बावजूद उन्हें इस बात की खुशी है कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी कम से कम दर्शकों का अभिवादन करने के लिए मैदान का चक्कर लगाते तो फैंस को कुछ खुशी मिलती।
वहीं, पहली बार क्रिकेट मैच देखने स्टेडियम पहुंचे विपुल के लिए भी यह अनुभव निराशाजनक रहा। वह खिलाड़ियों को पहली बार लाइव देखने के लिए उत्साहित थे। उनका कहना था कि यदि खिलाड़ियों को दर्शकों से मिलने का मौका मिलता तो फैंस के लिए यह एक यादगार पल होता।
हालांकि, विपुल ने यह भी माना कि बारिश और मैदान की परिस्थितियां खिलाड़ियों या आयोजकों के नियंत्रण में नहीं होतीं। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि भारतीय टीम आगे के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करेगी और फैंस को मैच देखने का मौका मिलेगा। बारिश के कारण मुकाबला भले ही नहीं हो पाया, लेकिन बेहतर रैंकिंग के चलते भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है। अब भारतीय प्रशंसकों की नजर टीम के अगले मुकाबले पर है।