शिक्षा और रोजगार
Virat Kohli Latest News: विराट कोहली बने विश्व के पहले ऐसे बल्लेबाज! तूफानी पारी से फिर चर्चा में
किया एक और बड़ा कारनामा, यह मुकाम हासिल करने वाले बने
Virat Kohli Latest News: तिरुवनंतपुरम (सच कहूँ/एजेंसी)। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय बल्लेबाजी का जलवा देखने को मिला। विराट कोहली ने एक बार फिर अपने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। कोहली की इस धमाकेदार पारी के साथ कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गए। भारत की धरती पर वनडे क्रिकेट में 7 हजार रन पूरे करने वाले विराट अब किसी एक देश में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इस मुकाबले में कोहली ने छक्कों के मामले में भी अपने करियर का नया व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 छक्के लगाए। इसके अलावा लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। विराट ने लिस्ट-ए क्रिकेट की 338 पारियों में 60 शतक पूरे किए हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 538 पारियों में 60 शतक लगाए थे। वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने के मामले में भी विराट ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने यह आंकड़ा अपने 315वें वनडे पारी में छुआ, जबकि सचिन ने 350 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।
74 गेंदों में शतक
विराट कोहली ने अपनी पारी के दौरान बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 74 गेंदों पर शतक पूरा किया, जो उनके वनडे करियर के सबसे तेज शतकों में शामिल है। खास बात यह रही कि उन्होंने अपना अर्धशतक और शतक दोनों छक्के के साथ पूरा किया। भारतीय टीम को जीत दिलाने वाला शॉट भी कोहली के बल्ले से ही निकला।
इस मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल का बल्ला भी जमकर चला। गिल ने 108 गेंदों पर 110 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था। भारत के सामने वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 295 रन का स्कोर खड़ा किया। जस्टिन ग्रीव्स ने 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि आमिर जांगू 58 रन बनाकर नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। भारत ने महज 41.4 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 296 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। कोहली और गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने भारत की जीत की नींव मजबूत कर दी। कोहली की नाबाद 139 रन की पारी और गिल के शतक की बदौलत भारत ने पहले वनडे में शानदार अंदाज में जीत दर्ज की।