Bank Strike Latest News: बैंकों की हड़ताल टली, 5 दिन बैंकिंग सप्ताह समेत मांगों पर बनी सहमति

आईबीए-यूएफबीयू में बनी सहमति

Published On

नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 सितंबर से शुरू होने वाली प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आंदोलन से जुड़े कार्यक्रमों को आगे के लिए टालने पर सहमति जताई। UFBU के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्षों के प्रतिनिधि बातचीत के लिए बैठे। चर्चा के दौरान खास तौर पर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था और सभी शनिवार को अवकाश देने के प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया तय की गई।

पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था पर बनेगी समिति

सभी शनिवार को बैंक बंद रखने की मांग पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति बनाने का फैसला किया गया है। समिति पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर चर्चा करेगी। इसके साथ ही समिति अलग-अलग संबंधित पक्षों से बातचीत करके ऐसा रास्ता तलाशने की कोशिश करेगी, जिससे बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों और अन्य हितधारकों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जा सके।

बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive (PLI) योजना का मुद्दा भी चर्चा में आया। इस विषय पर IBA और कर्मचारी संगठनों के बीच आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से सामने रखी गई आपत्तियों तथा सुझावों को ध्यान में रखते हुए योजना में संभावित बदलावों पर विचार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस संबंध में सरकार के सामने भी प्रस्ताव रखा जा सकता है।

पुराने लंबित मुद्दों पर भी चर्चा

दोनों पक्षों ने 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों को भी बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमति जताई है। इन मामलों पर जल्द समाधान खोजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। UFBU ने 28 सितंबर से तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, पेंशन से जुड़े विषय और कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित कई अन्य मुद्दे शामिल थे।

प्रस्तावित हड़ताल के कारण सरकारी बैंकों और कुछ पुराने निजी बैंकों में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना थी। इसी वजह से ग्राहकों को पहले से जरूरी बैंकिंग काम निपटाने और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई थी। अब हड़ताल टलने के बाद बैंकिंग सेवाओं पर तत्काल किसी बड़े व्यवधान की आशंका कम हो गई है। हालांकि, कर्मचारियों की मांगों पर आगे होने वाली बातचीत और समिति की प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी।

About The Author

Related Posts