तीस घंटे बाद मिला 11वीं के छात्र विमल का शव, कोहराम

तीस घंटे बाद मिला 11वीं के छात्र विमल का शव, कोहराम

Published On

कैराना। एक दिन पूर्व भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर परिवार के साथ यमुना स्नान के लिए आए 18 वर्षीय छात्र विमल का शव करीब तीस घंटे बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिया। विमल अपने नौ वर्षीय चचेरे भाई विवेक को बचाने के प्रयास में यमुना नदी के गहरे पानी में समा गया था। रविवार को यमुना ब्रिज से करीब 500 मीटर दूर युवक का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

विगत शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हरियाणा के पानीपत से विमल अपने चचेरे भाई विवेक और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यमुना स्नान के लिए आया था। परिवार के सदस्य हरियाणा की ओर यमुना में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए विमल आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी की चपेट में आ गया। बताया गया कि मौके पर मौजूद दस वर्षीय जुनैद ने साहस दिखाते हुए यमुना में उतरकर विवेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि विमल पानी में लापता हो गया। सूचना पर यमुना ब्रिज पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई।

घटना की जानकारी पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी यमुना ब्रिज पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में निजी गोताखोरों ने ऑक्सीजन सिलेंडर की सहायता से गहरे पानी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शाम तक यमुना में डूबे विमल का पता नहीं चल सका था। रविवार को गोताखोरों ने युवक की तलाश में यमुना नदी में फिर से सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार भी यमुना नदी पर पहुंचे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोपहर करीब तीन बजे ब्रिज से लगभग 500 मीटर दूर विमल का शव यमुना से बरामद हो गया। करीब 30 घंटे से यमुना किनारे बैठे परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे। शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। विमल 11वीं कक्षा का छात्र था। उसका परिवार मूलरूप से बरेली जनपद के गांव मंसापुरा का निवासी है और वर्तमान में पानीपत के तहसील कैंप में रहता है। उसके पिता नरदेव रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं, लेखपाल यमुना प्रसाद समेत राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

About The Author

Related Posts