Operation Kavach: ऑपरेशन कवच के तहत दिल्ली पुलिस ने 22 मामलों में वांछित अपराधी को गांजे के साथ किया गिरफ्तार

ऑपरेशन कवच के तहत दिल्ली पुलिस ने 22 मामलों में वांछित अपराधी को 1.38 किलो गांजे के साथ किया गिरफ्तार

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। Operation Kavach News: राजधानी में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कवच के तहत सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटेल नगर थाना पुलिस ने एक खतरनाक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 1.380 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन कवच के तहत ड्रग्स बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 सितंबर 2026 को पटेल नगर पुलिस की एक विशेष टीम गश्त पर थी।

पुलिस टीम जब शादीपुर फ्लाईओवर, बलजीत नगर के पास पहुंची, तो उन्हें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 1.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राहुल राय उर्फ आर्यन उर्फ रोहित (उम्र करीब 30 साल) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव चंदपुरा, पोस्ट पतेपुर, थाना बाली गांव, जिला वैशाली, बिहार का रहने वाला है।

मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत थाना पटेल नगर में एफआईआर दर्ज कर नशीला पदार्थ जब्त कर लिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह पूरी कार्रवाई पटेल नगर थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में और एसीपी सुनील कुमार की देखरेख में की गई। टीम में पीएसआई सागर सोलंकी, हेड कांस्टेबल हरपाल, हेड कांस्टेबल अजय, कांस्टेबल धर्मेंद्र और कांस्टेबल दिलीप शामिल थे। टीम ने पूरी सतर्कता के साथ आरोपी को दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में सामने आया है कि राहुल राय एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में 22 मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें चोरी, सेंधमारी, डकैती, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट, सरकारी काम में बाधा और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

उसके खिलाफ थाना राजेंद्र नगर, इंद्रपुरी, मोती नगर, हरि नगर, रंजीत नगर, आनंद पर्वत और जाफराबाद समेत कई थानों में एफआईआर दर्ज हैं। इनमें से कई मामले 2016 से लेकर 2024 तक के हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया था, इसे कहां सप्लाई करना था और इस ड्रग्स सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

About The Author

Related Posts