शिक्षा और रोजगार
मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण करवाने का समय खत्म, अभी भी बड़ी संख्या में ऑनलाइन एंट्री बाकी
5348 ऑनलाइन फॉर्म में 3716 की एंट्री हुई पूरी, रानियां में सिर्फ 8 और गोरीवाला में 10 फॉर्म लंबित
Meri Fasal-Mera Byora: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर पंजीकरण करवाने का रविवार को अंतिम दिन रहा। लेकिन जिले में बड़ी संख्या में ऑनलाइन फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री अभी बाकी है। 27 सितंबर तक जिले के तीन उपमंडलों में 5348 ऑनलाइन फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इनमें से 3716 फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री हो चुकी है, जबकि 1632 फॉर्म लंबित हैं।
सबसे ज्यादा लंबित फॉर्म कालांवाली तहसील में हैं। यहां कुल 1707 ऑनलाइन फॉर्म प्राप्त हुए, जिनमें से 852 की ऑनलाइन एंट्री हुई है और 855 फॉर्म लंबित हैं। इसके बाद नाथूसरी चौपटा में 510 में से 224 की एंट्री हुई और 286 लंबित हैं। सरसा तहसील में 1030 फॉर्म में से 751 की एंट्री हो चुकी है, जबकि 279 लंबित हैं। वहीं ऐलनाबाद में 395 में से 366 फॉर्म की एंट्री हो चुकी है और 29 लंबित हैं। रानियां में 312 में से 304 की एंट्री हुई और केवल 8 फॉर्म लंबित हैं। डबवाली में 1044 में से 879 की एंट्री पूरी हुई है, जबकि 165 फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री बाकी है। गोरीवाला में 350 में से 340 की एंट्री हो चुकी है और 10 फॉर्म लंबित हैं।
कालांवाली में सबसे ज्यादा फॉर्म अटके
जिले के कुल 1632 लंबित फॉर्म में से 855 अकेले कालांवाली तहसील के हैं, जो कुल लंबित फॉर्म का आधे से ज्यादा हिस्सा है। इसके बाद नाथूसरी चौपटा और सरसा तहसील का नंबर है। अंतिम दिन तक विभाग के सामने इन लंबित फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री पूरी करने की चुनौती रही।