शिक्षा और रोजगार
Farmers News: धान की सरकारी खरीद शुरु करवाने को लेकर प्रशासन-किसान आमने सामने
जीटी रोड़ जाम करने जा रहे किसानों पर वाटर कैनन व आंसू गैस का प्रयोग
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवीलाल बारना)। Kurukshetra News: धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू करवाने की मांग को लेकर मंगलवार को शाहाबाद में भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। जीटी रोड जाम करने के लिए आगे बढ़ रहे किसानों को रोकने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई किसान और पुलिसकर्मी घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया।
इससे पहले भाकियू से जुड़े किसान सुबह करीब 10 बजे बराड़ा रोड स्थित शहीद उद्यम सिंह स्मारक स्थल पर एकत्रित हुए। शहीद उद्यम सिंह स्मारक स्थल पर पहुंचे शाहबाद के विधायक रामकरण ने किसानों को समर्थन दिया। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसान हर वर्ष 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग करते हैं, जबकि 10 सितंबर के आसपास मंडियों में धान की आवक शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि किसान अप्रैल माह से ही समय पर सरकारी खरीद शुरू करने की मांग उठा रहे हैं।
गुरनाम चढूनी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने केंद्र सरकार को पत्र 15 सितंबर को भेजा और इसके बाद 20 सितंबर तक खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन 22 सितंबर तक भी खरीद संबंधी पत्र जारी नहीं हुआ। दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन के अधिकारियों ने गुरनाम सिंह चढूनी के साथ बैठक की, लेकिन बातचीत में सहमति नहीं बन सकी। करीब एक बजे चढूनी किसानों के बीच पहुंचे और जीटी रोड जाम करने का ऐलान कर दिया। शहीद उद्यम सिंह स्मारक के समीप बराड़ा रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाए हुए थे। किसानों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
किसी भी कीमत पर जीटी रोड को जाम नहीं होने दिया जाएगा: एसपी
कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने कहा कि किसानों ने जीटी रोड जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस का स्पष्ट मत है कि किसी भी कीमत पर जीटी रोड को जाम नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीटी रोड देश की लाइफलाइन है और इसके जाम होने से आम लोगों को भारी परेशानी होती है। एसपी ने कहा कि किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने मामूली स्तर पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
कुछ देर के लिए जीटी रोड़ पर लगाया जाम
पुलिस की कार्रवाई के बीच गुरनाम सिंह चढूनी सहित कुछ किसान वहां से निकलकर फ्लाइओवर के रास्ते जीटी रोड पर पहुंच गए और कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। पुलिस ने करीब पांच मिनट में किसानों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवा दिया। इसके बाद किसानों ने बराड़ा रोड पर धरना शुरू कर दिया। शाम को करीब 4 बजे भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्षों के साथ गुरनाम सिंह चढूनी ने शहीद उद्यम सिंह स्मारक पर मीटिंग की। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि बुधवार दोपहर तक बराडा रोड पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद पंचायत बुलाकर आगामी रणनीति तय की जाएगी।
22 सितंबर तक का दिया गया था अल्टीमेटम
बता दें कि इससे पहले 16 सितंबर को शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की महापंचायत आयोजित हुई थी, जिसमें हजारों किसान पहुंचे थे। किसानों ने धान की सरकारी खरीद शुरू करने को लेकर सरकार व प्रशासन को चेताया था। ऐसे में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने सरकार की तरफ से किसानों से महापंचायत के दौरान ही मुलाकात की थी। उपायुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया था कि 20 सितंबर को धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी जाएगी। इस पर गुरनाम चढूनी ने प्रशासन को चेताया था कि 20 सितंबर को सरकारी खरीद शुरू न हुई तो 22 सितंबर को जीटी रोड़ जाम किया जाएगा।