Anil Vij: विज ने जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

धर्मशाला की जमीन बेचने पर बीडीपीओ पर गाज, पोल न हटाने पर एसई को सख्त हिदायत

Published On

अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala News: कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को अंबाला कैंट स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक शिथिलता और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के मामलों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। दोपहर डेढ़ बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी भूमि पर अवैध कब्जे और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। कार्यक्रम से जुड़े विवरण के अनुसार, ब्राह्मण माजरा गांव के निवासी राजीव त्यागी व अन्य ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई कि सामान्य वर्ग की धर्मशाला हेतु चिह्नित सरकारी भूमि पर पक्का निर्माण कर उसे तीसरे पक्ष को बेच दिया गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच और ग्राम सचिव को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने उपमंडलाधिकारी  को निष्पक्ष जांच और दायित्व निर्वहन में विफल रहने पर संबंधित बीडीपीओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, बालापुर के सरपंच शिवकुमार ने बताया कि पंचायत द्वारा एक वर्ष पूर्व निर्धारित शुल्क का भुगतान किए जाने के बाद भी संकीर्ण गली में लगे खंभों से बिजली मीटर स्थानांतरित नहीं किए गए हैं। इस पर मंत्री ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता को फोन पर त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।

प्रशासनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, 18 सितंबर को आयोजित पिछली जनसुनवाई में चोरी की प्राथमिक दर्ज न करने से जुड़ी शिकायतों के आधार पर निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने 21 सितंबर को एएसआई गुरदेव सिंह और एएसआई सुखविंद्र सिंह को निलंबित कर पुलिस लाइन हाजिर कर दिया था। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता और सार्वजनिक संपत्तियों पर अतिक्रमण को किसी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण न करने वाले अधिकारियों पर कठोर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

About The Author

Related Posts