Sirsa Road Accident: मजदूरों की ट्रॉली को ट्राले ने मारी टक्कर, 2 महिलाओं सहित 3 की मौत
मजदूरों की ट्रॉली को ट्राले ने मारी टक्कर, 2 महिलाओं सहित 3 की मौत
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: मल्लेकां-माधोसिंघाना रोड पर वीरवार सुबह करीब 8 बजे नरमा चुगाई के लिए मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का हुक ट्रॉली से निकल गया और ट्रॉली सड़क किनारे धान के खेत में जा पलटी। हादसे में ट्रॉली में सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। इनमें पांच महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के दौरान पीछे से आ रहा बाइक सवार भी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली में करीब 25 से 30 लोग सवार थे। सभी सुबह करीब साढ़े 7 बजे मल्लेकां और आसपास के क्षेत्र से माधोसिंघाना के पास ढाणियों में नरमा चुगाई के लिए निकले थे। करीब आधे घंटे बाद मल्लेकां-माधोसिंघाना रोड पर ट्राले ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जबकि ट्राला भी सड़क पर पलट गया। ट्राले में बिस्कुट के पैकेट भरे हुए थे।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, घायलों को अस्पताल पहुंचाया: हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रॉली में फंसे घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल सरसा पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल पांच महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
तीन मृतकों की हुई पहचान: हादसे में मल्लेकां निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह तथा रानियां खंड के गांव ओटू निवासी 50 वर्षीय बलबीरो बाई और 35 वर्षीय काकी रानी की मौत हो गई। ट्रैक्टर ओटू निवासी 56 वर्षीय सुमिंद्र सिंह चला रहा था, जो हादसे में घायल हो गया।
ये लोग हुए घायल: हादसे में सुमिंद्र सिंह के अलावा 25 वर्षीय रमनदीप कौर, 38 वर्षीय कांता, 60 वर्षीय बीरो बाई, 50 वर्षीय छिंद्र कौर, 25 वर्षीय संदीप कौर, 55 वर्षीय कुलवंत सिंह, 55 वर्षीय रानी, 40 वर्षीय परमजीत, 32 वर्षीय सीमा, 60 वर्षीय छिंद्र सिंह, 28 वर्षीय राजी, 25 वर्षीय मनप्रीत कौर, 34 वर्षीय नीलम, 50 वर्षीय सीता देवी, 30 वर्षीय कैलाश, 25 वर्षीय परमजीत कौर, 50 वर्षीय वीरो बाई और 43 वर्षीय शीला बाई घायल हुई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी एसएचओ सीमा सोढ़ी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चार दिन बाद नरमा चुगाई के लिए निकली थी बलबीरो बाई
हादसे में जान गंवाने वाली बलबीरो बाई चार दिन बाद नरमा चुगाई के लिए जा रही थी। वहीं काकी रानी पहली बार नरमा चुगाई के लिए निकली थी। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
बाइक से सरसा आ रहा था लवप्रीत
हादसे में मल्लेकां निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गांव मल्लेकां में बर्गर की दुकान करता था और सुबह मोटरसाइकिल से सरसा की ओर आ रहा था। इसी दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया।