शिक्षा और रोजगार
चार लोगों पर खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप
चाचा ने पुलिस को दी रिपोर्ट, शादी के बाद संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद का लगाया आरोप
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। रावतसर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाले एक युवक की ओर से जहर पीकर खुदकुशी करने के मामले में उसकी पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मृतक के चाचा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद तथा धमकियों से परेशान होकर उसके भतीजे ने यह कदम उठाया। रावतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महेन्द्र सिंह (50) पुत्र रतनसिंह राजपूत निवासी वार्ड नंबर 1, जोधाबास, रावतसर ने रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के अनुसार महेन्द्र सिंह का भतीजा हर्षवर्धन सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह था। परिवादी ने बताया कि हर्षवर्धन सिंह ने 19 अक्टूबर 2023 को रचना भाटी पुत्री राकेश कुमार भाटी निवासी वार्ड नंबर 1, रतन नगर, तहसील व जिला चूरू के साथ गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश स्थित आर्य समाज संस्कार मंदिर ट्रस्ट में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद हर्षवर्धन जयपुर में एक निजी कंपनी में काम करने लगा।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद रचना भाटी संपत्ति और पैसों को लेकर हर्षवर्धन से विवाद करने लगी तथा उसे प्रताड़ित किया जाता था। परिवादी ने आरोप लगाया कि इस मामले में रचना भाटी की मां शारदा भाटी, मनोज भाटी तथा राकेश जाखड़ भी शामिल थे। रिपोर्ट में राकेश जाखड़ के साथ रचना भाटी के अवैध संबंधों का भी आरोप लगाया गया है।
परिवादी के अनुसार मनोज भाटी ने हर्षवर्धन को धमकियां भी दी थीं। उन्होंने बताया कि हर्षवर्धन ने कुछ समय पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया था। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपितों के दबाव और धमकियों से परेशान होकर हर्षवर्धन ने 25 सितंबर को जहर पीकर खुदकुशी कर ली।
परिवादी ने आरोप लगाया कि हर्षवर्धन की ओर से खुदकुशी से पहले बनाए गए वीडियो से उसके दुष्प्रेरित होने की बात सामने आती है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक शम्भूदयाल को सौंपा गया है। पुलिस मामले में आरोपों और मृतक के बताए जा रहे वीडियो सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।