शिक्षा और रोजगार
Abhedy App: विदेशी नंबर से धमकी और फिरौती की कॉल से बचाएगा ‘अभेद्य’ ऐप
फतेहाबाद एसपी ने की ऐप डाउनलोड करने की अपील
Abhedy App: फतेहाबाद (सच कहूं/विनोद कुमार)। विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल, व्हाट्सऐप पर डराने वाला संदेश या फिरौती और रंगदारी की मांग करने वाले फोन से परेशान लोगों के लिए हरियाणा पुलिस का अभेद्य ऐप मददगार साबित हो सकता है। पुलिस के अनुसार यह ऐप संदिग्ध विदेशी और वर्चुअल नंबरों से आने वाली कॉल व संदेशों की पहचान कर उन्हें रोकने में मदद करता है। साथ ही संदिग्ध नंबरों से संबंधित जानकारी पुलिस की जांच और आवश्यक कार्रवाई में उपयोगी हो सकती है। फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने जिले के लोगों से अपने मोबाइल फोन में अभेद्य ऐप डाउनलोड करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि अपराधी कई बार विदेशी, वर्चुअल या इंटरनेट आधारित नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को धमकाने और उनसे पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय सावधानी बरतना और तत्काल पुलिस को सूचना देना जरूरी है।
संदिग्ध कॉल और संदेशों पर रखेगा नजर
एसपी ने बताया कि अभेद्य ऐप संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल और अज्ञात नंबरों से आने वाली कॉल व संदेशों को पहचानने और उन्हें रोकने में सहायता करता है। ऐसे नंबरों से संबंधित जानकारी पुलिस को उनकी पहचान, ट्रेसिंग और जांच में तकनीकी सहयोग दे सकती है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले लोग फोन या संदेश के माध्यम से जान-माल को नुकसान पहुंचाने, परिवार के किसी सदस्य को निशाना बनाने या रकम की मांग कर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह का डर दिखाकर पैसे ट्रांसफर करवाने या निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है।
धमकी मिले तो न घबराएं, न पैसे भेजें
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि यदि किसी विदेशी या संदिग्ध नंबर से धमकी, रंगदारी अथवा फिरौती की कॉल या संदेश मिले तो घबराकर कोई फैसला न लें और न ही फोन करने वाले के दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर करें। संदिग्ध नंबर, कॉल की जानकारी, संदेश और स्क्रीनशॉट सहित अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि साइबर अपराधी तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और ठगी करने के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और समय पर पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विदेशी नंबर से धमकी या फिरौती की कॉल आने का इंतजार न करें।