शिक्षा और रोजगार
14 टीमों के बीच हुआ कड़ा मुकाबला, एसयूओएच लायंस ने जीता वॉलीबॉल खिताब
बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप में एसयूओएच लायंस का दबदबा, एसयूओएच एलीट को 3–0 से हराकर जीता खिताब
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज़)। Sonipat News: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई, सोनीपत में आयोजित “बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता” के प्रथम संस्करण का समापन रोमांचक एवं कड़े मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में एसयूओएच लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसयूओएच एलीट को सीधे 3–0 सेटों से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बीसवांमील एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इनमें पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अशोका विश्वविद्यालय, ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, श्री रामास्वामी मेमोरियल (एसआरएम) विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय तथा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ़ डिज़ाइन सहित अन्य विश्वविद्यालयों की टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। फाइनल मुकाबला एसयूओएच लायंस और एसयूओएच एलीट के बीच खेला गया। एसयूओएच लायंस ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक एवं संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार सर्विस, ब्लॉकिंग, आक्रमण तथा रक्षात्मक समन्वय के दम पर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। एसयूओएच लायंस ने लगातार तीन सेटों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अंततः एसयूओएच एलीट को 3–0 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।