Kaithal Cyber Fraud: मां के इलाज के लिए ऑनलाइन अस्पताल का नंबर सर्च करना युवक को पड़ा महंगा

एप फाइल डाउनलोड करवाकर खाते से निकाले रुपये

Published On

Online Medical Registration Scam: कैथल, (सच कहूँ न्यूज)। मां के इलाज के लिए ऑनलाइन मेडिकल रजिस्ट्रेशन करवाना एक युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर युवक को मोबाइल पर एप फाइल भेजकर उसमें निजी जानकारी भरवा ली। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग समय में 2 लाख 76 हजार 472 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नई अनाज मंडी ढांड निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उसकी माता कांता देवी बीमारी रहती हैं। 27 सितंबर को उसने मां के इलाज के लिए ऑनलाइन गूगल पर एक स्किन अस्पताल का नंबर सर्च किया था। उसने दिए गए नंबर पर कॉल की, लेकिन फोन नहीं लगा। कुछ समय बाद उसी नंबर से उसके पास कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने कॉल करने का कारण पूछा और फिर उसके मोबाइल पर एक एप फाइल का लिंक भेज दिया।

आरोपी ने कहा कि फाइल में अपनी जानकारी भरकर 5 रुपये ऑनलाइन जमा करवा दें, जिससे मेडिकल रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। अनिल कुमार ने आरोपी के कहे अनुसार एप फाइल में अपनी जानकारी भर दी और गूगल पे के माध्यम से पांच रुपये भेजने का प्रयास किया, लेकिन खाते से पैसे नहीं कटे। इसके बाद उसने आरोपी से दोबारा बात की तो उसने बाद में कॉल करने की बात कही। हालांकि, आरोपी ने दोबारा फोन नहीं किया।

कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 76 हजार 472 रुपये निकल गए। खाते से पैसे निकलने का पता चलने पर युवक ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts