शिक्षा और रोजगार
दो कारों में सवार होकर विवाहिता के घर घुसे ससुराल पक्ष के लोग, मारपीट का आरोप
कुल्हाड़ी व लोहे की पाइप लेकर हमला करने का आरोप, पुलिसकर्मी बताकर पिस्तौल दिखाने की धमकी देने की शिकायत
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। घर में जबरन घुसकर विवाहिता के साथ मारपीट करने, कुल्हाड़ी व लोहे की पाइप से हमला करने तथा जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने के आरोप में तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने पांच जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विवाहिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार गायत्री (30) पुत्री संतलाल सुथार निवासी वार्ड नंबर 7, खिनानियां तहसील टिब्बी ने अपने पिता संतलाल पुत्र ख्यालीराम सुथार के साथ थाने में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में गायत्री ने बताया कि उसकी शादी 30 मार्च 2023 को विकास कुमार पुत्र सहदेव सुथार निवासी रिसालिया खेड़ा, तहसील डबवाली जिला सिरसा, हरियाणा के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति विकास कुमार, सास बिरमा देवी तथा ननद रेखा सहित अन्य लोगों की ओर से उसके साथ मारपीट की जाती थी।
करीब साढ़े तीन माह पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद से वह अपने पीहर खिनानियां में रह रही थी। 24 सितंबर को अपराह्न करीब 3.10 बजे उसका पति विकास कुमार, कोमल पत्नी अजय सिंह सुथार, विनोद कुमार निवासी, उसकी पत्नी सुमन सुथार निवासी रिसालिया खेड़ा तथा जसविंद्र सिंह हुड्डा निवासी हिसार, हरियाणा दो कारों में सवार होकर उसके घर पहुंचे। उक्त लोग जबरन उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
विकास कुमार ने घर में पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली, जबकि सुमन ने लोहे की पाइप उठा ली। जसविंद्र सिंह हुड्डा ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए पिस्तौल होने तथा जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान गायत्री के पिता संतलाल और उसकी मां ने बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन उठाकर अपने साथ गाड़ी में ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी भविष्य में देख लेने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ियों से वहां से चले गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह कर रहे हैं।