Hanumangarh Police: पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंचा 3 करोड़ का चिट्टा, सप्लाई से पहले तस्कर गिरफ्तार

1 किलो 546 ग्राम हेरोइन बरामद, विदेशी पिस्टल, तीन कारतूस और 80 हजार रुपए भी मिले

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार सवार एक आरोपी को 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है। आरोपी के कब्जे से चाइना मेड .30 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांझू खां उर्फ रांझा पुत्र कादर खां (30), निवासी उदयपुर गोदारान, थाना राजियासर, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान कार नंबर एचआर 26 एफएल 4749 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, विदेशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद बरामद हुए।

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंचने की बात

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पंजाब पहुंचने वाले चिट्टे को प्राप्त कर उसे पंजाब के रास्ते राजस्थान के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई की कड़ियों की जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों सहित कुल सात प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। रिकॉर्ड में वर्ष 2014 से 2026 तक के मामले शामिल हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के प्रकरण दर्ज हैं।

एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज

बरामदगी के संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में प्रकरण संख्या 636/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 3/25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले का अग्रिम अनुसंधान पीलीबंगा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रायसिंह सुथार को सौंपा गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य आईपीएस के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और वांछित नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। कार्रवाई एएसपी अरविंद, डीएसपी सिटी मीनाक्षी और हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामचंद्र कसवां के निकटतम सुपरविजन में एसआई गजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम में एसआई गजेंद्र शर्मा, एएसआई कालूराम, हेड कांस्टेबल योगेंद्र, कांस्टेबल जीतराम तथा कांस्टेबल पालाराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल जीतराम की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बरामद नशे, हथियार और नकदी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस नशे की खेप के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तथा राजस्थान में इसकी आगे की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।

About The Author

Related Posts