Bulldozer Action: सिकंदरपुर में बुलडोजर एक्शन, ग्रामीणों का विरोधी रिएक्शन

हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई, 33 फीट फिरनी से हटाए कब्जे

Published On

Bulldozer Action:  सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिले के गांव सिकंदरपुर में 33 फीट चौड़ी फिरनी से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुक्रवार को शुरू हो गई। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की टीम जेसीबी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। फिरनी की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 57 घरों और अन्य निर्माणों को हटाया जाना है। पहले दिन आधे से ज्यादा कब्जे हटाए गए। शेष कब्जों पर कार्रवाई शनिवार को भी पुलिस की मौजूदगी में जारी रहेगी। करीब दो किलोमीटर लंबी यह फिरनी किरयाना शॉप से मंदिर तक जाती है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से इसके बड़े हिस्से पर लोगों ने कब्जे कर रखे थे। इससे रास्ता संकरा हो गया था।

कब्जे हटाने पहुंची टीम तो लोगों ने जताया विरोध

शुक्रवार को प्रशासनिक टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची तो कुछ कब्जाधारकों ने कार्रवाई पर ऐतराज जताया। विरोध के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझाकर कार्रवाई में सहयोग करने को कहा। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से कब्जे हटाने शुरू किए। सदर थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। कार्रवाई देर शाम तक चली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शेष कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रहेगी।

गांव के व्यक्ति की याचिका पर हाईकोर्ट पहुंचा था मामला

फिरनी से कब्जे हटाने का मामला गांव के ही एक व्यक्ति की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका के बाद सामने आया। याचिका में 33 फीट चौड़ी फिरनी की जमीन से कब्जे हटाने की मांग की गई थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए एसडीओ दलबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।

खाली जमीन पर पंचायत करवाएगी इंटरलॉकिंग

गांव के सरपंच मलकीत भुल्लर ने बताया कि फिरनी पर कब्जा करने वाले लोगों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे। अब 33 फीट चौड़ी फिरनी की जमीन को खाली करवाया जा रहा है। कब्जे हटने के बाद पंचायत अपने उपलब्ध बजट से यहां इंटरलॉकिंग ईंटें लगवाएगी, जिससे रास्ता बेहतर होगा और ग्रामीणों व वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

About The Author

Related Posts