खुद की 6 किलोमीटर माइनर की सफाई लेकिन फिर भी टेल तक नहीं पहुँचा पूरा पानी
चोरमार माइनर की टेल पर पानी न पहुंचने पर किसानो ने किया रोष प्रदर्शन
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। चोरमार माइनर की टेल तक पर्याप्त मात्रा में सिंचाई पानी न पहुंचने से गांव चोरमार, सालम खेड़ा व जंडवाला जाटान के किसानों में रोष देखा जा रहा है। उक्त गांवों के किसानों ने चोरमार माइनर की टेल पर एकत्रित होकर पानी की समस्या को लेकर सांकेतिक रोष प्रदर्शन किया।
मौके पर मौजूद किसान जगसीर सिंह, लाभ सिंह, हरदीप सिंह, गोरा सिंह, जसकरण सिंह, अंग्रेज सिंह, बलजीत सिंह, कुलदीप सिंह, प्रदीप सिंह का कहना था की माइनर में पीछे से पानी चोरी होने के कारण टेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे उनकी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसानों के अनुसार रात करीब 10 बजे से सुबह 8 बजे तक माइनर की टेल पर पानी सूख जाता है। वहीं दिन के समय भी इतना पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे फसलों की सिंचाई पूरी तरह नहीं हो पा रही। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में ट्यूबवेल का पानी खारा होने के कारण इसका इस्तेमाल करने से भूमि की उर्वरा शक्ति और फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि इस बार तीनों गांवों के किसानों ने एकजुट होकर करीब 6 किलोमीटर माइनर की सफाई अपने स्तर पर की, ताकि पानी टेल तक आसानी से पहुंच सके। इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
किसानों का कहना है कि जब वे अपनी मेहनत और खर्च से माइनर की सफाई कर चुके हैं, तो विभाग को भी पानी की चोरी रोकने और टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। किसानों ने चेतावनी दी कि माइनर की टेल तक पूरा पानी नहीं पहुंचा तो चोरमार, सालम खेड़ा व जंडवाला गांवों के किसान एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पानी चोरी पर रोक लगाने तथा टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की है।
पीछे से ही पानी कुछ कम था। पानी चोरी रोकने के लिए विभाग की टीमें नहरों पर रात्रि को गश्त करती है। मैं खुद भी सप्ताह में दो बार टीम के साथ होता हूं। आज मैंने रिपोर्ट ली है चोरमार माइनर की टेल पर एक फीट से ऊपर पानी चल रहा है। पानी पर्याप्त है। रोहताश, सहारण, एक्सईएन।