रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एडीसी ने सुनी गांव शाहपुरिया के ग्रामीणों की समस्याएं
26 से ज्यादा शिकायतों के समाधान के दिए निर्देश
सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनकर उनके समाधान और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से गांव शाहपुरिया में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में 26 से अधिक शिकायतें सामने आईं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास में प्रशासन का सहयोगी बनने की अपील करते हुए कहा कि आपसी सामंजस्य से विकास कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकता है।
बिजली, पानी और फसल खराब होने से जुड़ी शिकायतें आईं
ग्रामीणों की ओर से बिजली के खंभे बदलने, बरसाती पानी की निकासी, फसल खराब होने और बिजली बिल कम करने सहित विभिन्न समस्याएं रखी गईं। एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच राजकुमार ने गांव की विभिन्न मांगें भी एडीसी के समक्ष रखीं। अतिरिक्त उपायुक्त ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्कूल परिसर में पौधारोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश
रात्रि ठहराव कार्यक्रम से पहले एडीसी ने गांव के स्कूल परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों के साथ-साथ गांव में भी साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने आसपास स्वच्छता रखें और किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
मौके पर योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और पंजीकरण की जानकारी दी गई। कई योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी करवाई गई, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत न पड़े। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।