Women Kabaddi Gold Medal: महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को चटाई धूल, देश को दिलाया तीसरा गोल्ड
महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, ईरान को 37-34 से हराकर जीता गोल्ड
Women Kabaddi Gold Medal: नागोया (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया। फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शुरुआत से ही बेहद कड़ा रहा। कई मौकों पर ईरान ने भारतीय बढ़त को कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच अपनी लय बनाए रखी। मुकाबले के अंतिम चरण में भी दोनों टीमों के बीच अंतर बेहद कम था।
मैच के आखिरी मिनट में ईरान को स्कोर बराबर करने के लिए महत्वपूर्ण अंकों की जरूरत थी। इसी दौरान भारतीय डिफेंस ने आयनाज पर निर्णायक टैकल किया और ईरान की वापसी की उम्मीदों पर विराम लगा दिया। इसके बाद भारत ने 37-34 की बढ़त कायम रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारतीय महिला कबड्डी टीम का एशियन गेम्स में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले टीम ने हांगझोऊ 2023 में भी गोल्ड मेडल जीता था।
संजू देवी का अहम योगदान
पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाली संजू देवी ने फाइनल में भी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय टीम में पूजा, राज रानी, सोनाली विष्णु शिंगटे, पुष्पा, भावना देवी, रितु, संजू देवी, रितु नेगी, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, ज्योति और निकिता शामिल रहीं। महिला टीम की जीत के बाद अब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम पर भी नजरें रहेंगी। पुरुष वर्ग का फाइनल शनिवार को खेला जाना है, जहां भारत का सामना ईरान से होगा। भारतीय पुरुष टीम मौजूदा चैंपियन है और वह एक बार फिर खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
मैराथन में भी भारत को सिल्वर
एशियन गेम्स में भारतीय दल के लिए शनिवार का दिन कई उपलब्धियों से भरा रहा। पुरुषों की मैराथन में सावन बरवाल ने 2:11:37 के नेशनल रिकॉर्ड समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इस पदक के साथ भारत का एशियन गेम्स मैराथन में पदक का इंतजार भी समाप्त हुआ।
शूटिंग में भारतीय टीम ने जीता रजत
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में भी भारत को सिल्वर मेडल मिला। आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
स्क्वैश में ब्रॉन्ज मेडल
स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में हांगकांग की टैंग मिंग होंग और ली का यी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल तक पहुंचने के कारण भारतीय जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय दल के लिए कबड्डी, एथलेटिक्स, शूटिंग और स्क्वैश से पदकों का सिलसिला जारी रहा।